कादयान पर भड़के आदित्य देवीलाल, बोले- माफी मांगो नहीं तो मानहानि केस करेंगे

हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद सियासी विवाद गहराया, आदित्य देवीलाल ने देवेंद्र कादयान से माफी मांगने को कहा और मानहानि केस की चेतावनी दी।

कादयान पर भड़के आदित्य देवीलाल, बोले- माफी मांगो नहीं तो मानहानि केस करेंगे

आदित्य देवीलाल ने कादयान के बयान को बताया झूठा और भ्रामक
माफी नहीं मांगने पर मानहानि केस की चेतावनी
बीजेपी विधायक पर वोट जानबूझकर रद्द कराने का आरोप



हरियाणा की राजनीति में राज्यसभा चुनाव के बाद सियासी घमासान और तेज हो गया है। आदित्य देवीलाल ने निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादयान के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उसे पूरी तरह झूठा, भ्रामक और बेबुनियाद करार दिया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि कादयान सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ मानहानि का केस दायर किया जाएगा।

चंडीगढ़ में जारी बयान में आदित्य देवीलाल ने कहा कि कादयान ने मीडिया में जो आरोप लगाए हैं कि इनेलो विधायकों की सहमति से निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल का नामांकन हुआ था, वह पूरी तरह गलत है। उन्होंने इसे झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि यह बयान उनके समर्थित उम्मीदवार की हार की बौखलाहट को दर्शाता है।

देवीलाल ने बीजेपी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में हार के बाद अब इनेलो को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने जोड़-तोड़ और खरीद-फरोख्त की राजनीति करने की कोशिश की, लेकिन इनेलो विधायकों ने वोटिंग से दूरी बनाकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। इसी कारण अब ऐसे बयान दिलवाए जा रहे हैं।

सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए आदित्य देवीलाल ने कहा कि एक बीजेपी विधायक ने जानबूझकर अपना वोट रद्द कराया, जिसके कारण कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि पहले अपने घर को संभालें और अपनी “काली भेड़” का पता लगाएं।

आदित्य देवीलाल ने शपथ के साथ कहा कि न तो इनेलो के दोनों विधायक किसी नामांकन प्रक्रिया में शामिल थे और न ही सतीश नांदल को उम्मीदवार बनाने में पार्टी की कोई भूमिका रही। उन्होंने दावा किया कि नामांकन के समय केवल तीन निर्दलीय विधायक मौजूद थे और सहमति पत्र में बीजेपी विधायकों के नाम थे।

इसके साथ ही उन्होंने देवेंद्र कादयान को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो वे अपना बयान वापस लें और सार्वजनिक माफी मांगें, अन्यथा इनेलो पार्टी की छवि खराब करने की साजिश के तहत उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

अपने बयान के अंत में आदित्य देवीलाल ने कादयान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें निर्दलीय विधायक के रूप में चुना था, लेकिन उन्होंने जनादेश का अपमान करते हुए सत्ता का साथ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कादयान सरकार के भ्रष्टाचार और गलत नीतियों में सहभागी हैं और भविष्य में जनता उन्हें दोबारा मौका नहीं देगी।