यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने AI समिट में टी-शर्ट उतारकर PM के खिलाफ लगाए नारे, लिखा ‘PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड’
भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ लिखी टी-शर्ट लहराकर विरोध किया। पुलिस ने FIR दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया
■ AI समिट में टी-शर्ट उतारकर PM के खिलाफ नारेबाजी
■ ‘PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ लिखी टी-शर्ट लहराकर जताया विरोध
■ चार कार्यकर्ता गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में चल रहे ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान शुक्रवार को एक नाटकीय घटनाक्रम सामने आया, जब इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के भीतर टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान जो दृश्य सबसे अधिक चर्चा में रहा, वह था ‘PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ लिखा संदेश, जो टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीरों के साथ छपा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 15 से 20 कार्यकर्ता पहले सामान्य रूप से दर्शक दीर्घा में मौजूद थे। उन्होंने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और क्यूआर कोड स्कैन कर समिट हॉल में प्रवेश किया था। हॉल नंबर 5 के पास पहुंचकर उन्होंने ऊपर पहनी जैकेट और स्वेटर उतार दिए और अंदर पहनी सफेद टी-शर्ट को लहराते हुए नारे लगाए। कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इंडियन यूथ कांग्रेस ने बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रदर्शन का वीडियो साझा करते हुए कहा कि AI समिट के “चमकदार मंच” के पीछे देशहित से जुड़े सवालों को दबाया नहीं जा सकता। संगठन ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर अपनी आपत्ति दोहराई और इसे राष्ट्रीय हित से जुड़ा मुद्दा बताया।
दिल्ली पुलिस के एडिशनल कांस्टेबल देवेश कुमार महला के अनुसार, घटना दोपहर लगभग 12:30 बजे हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। अन्य की पहचान की जा रही है। पुलिस ने कुछ पर सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की का आरोप भी लगाया है।
घटना के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने इसे सुनियोजित कदम बताया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि धूमिल करने की कोशिश करार दिया। भाजपा नेता तरुण चुघ ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी।
वहीं, RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय समिट जैसे मंच पर इस प्रकार का प्रदर्शन उचित नहीं था। इंडिया यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि उनके कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकार के तहत आवाज उठा रहे हैं और पीछे नहीं हटेंगे।
उल्लेखनीय है कि ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ का उद्घाटन 16 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। समिट में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, 20 से ज्यादा राष्ट्राध्यक्ष, 60 से अधिक मंत्री और 45 से अधिक टेक कंपनियों के प्रमुख शामिल हुए हैं। तकनीकी उपलब्धियों और वैश्विक साझेदारी के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम अब राजनीतिक विवाद के कारण भी चर्चा में है।
Akhil Mahajan