BREAKING: एयरफोर्स स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, गुरुग्राम में एहतियातन खाली कराए गए; दिल्ली में मिला थ्रेट ई-मेल
दिल्ली के आर्मी पब्लिक स्कूल और एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। एहतियातन गुरुग्राम के एयर फोर्स स्कूल को खाली कराया गया। बम निरोधक दस्ता तैनात, फिलहाल कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
■ दिल्ली के दो बड़े स्कूलों को ई-मेल से बम धमकी
■ गुरुग्राम राजीव चौक स्थित एयर फोर्स स्कूल एहतियातन खाली
■ बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड तैनात; अभी तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एयरफोर्स से जुड़े दो बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। थ्रेट ई-मेल में आर्मी के स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और एहतियातन गुरुग्राम के राजीव चौक स्थित एयर फोर्स स्कूल को खाली करा दिया गया। बच्चों की छुट्टी कर उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह दिल्ली के आर्मी पब्लिक स्कूल (धौला कुआं) और एयर फोर्स बाल भारती स्कूल (लोधी रोड) को ई-मेल के जरिए बम धमकी मिली। हालांकि ई-मेल में किसी एक स्कूल का स्पष्ट नाम नहीं लिया गया था, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के संबंधित स्कूलों में सतर्कता बढ़ा दी गई। इसी क्रम में गुरुग्राम के एयर फोर्स स्कूल को भी खाली कराया गया।
स्कूल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति न बने, इसके लिए प्रशासन ने शांतिपूर्वक बच्चों को बाहर निकाला और अभिभावकों को सूचित किया। स्कूल के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, एयरफोर्स ने भी अपने स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जिला पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। पिछले कुछ महीनों में दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें अधिकांश बाद में झूठी साबित हुईं।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं। अभिभावकों में चिंता का माहौल है, जबकि प्रशासन ने अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
Akhil Mahajan