पंचकूला-पानीपत SP को बादशाह का पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश

टटीरी सॉन्ग विवाद में हरियाणा महिला आयोग ने सिंगर बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। समन के बावजूद पानीपत में पेश नहीं होने पर आयोग अध्यक्ष ने पुलिस को पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश भी दिए।

पंचकूला-पानीपत SP को बादशाह का पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश

टटीरी सॉन्ग विवाद में बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश
महिला आयोग अध्यक्ष ने पानीपत-पंचकूला SP को पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए
समन के बावजूद पेश नहीं हुए सिंगर, 3 बजे की मोहलत के बाद सख्त कार्रवाई


पानीपत। हरियाणवी फोक सॉन्ग Tatiri के रैप वर्जन को लेकर बढ़े विवाद के बीच महिला आयोग ने बादशाह की गिरफ्तारी के साथ पानीपत और पंंचकूला एसपी को पासपोर्ट जब्‍त करने के आदेश भी दिए हैं। बता दें कि शुक्रवार को पेशी के दौरान बादशाह नहीं आए, लेकिन वकीलों की टीम भेज दी। इससे असंतुष्‍ट महिला आयोग ने  तीन बजे बादशाह को पर्सनली हाजिर होने के आदेश दिए। बादशाह नहीं आए तो महिला आयोग ने बड़ा कदम उठाते हुए गिरफ्तारी के आदेश दिए।

शुक्रवार को Panipat में महिला आयोग की बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया। सिंगर को आयोग के समन पर पेश होना था, लेकिन वह निर्धारित समय तक नहीं पहुंचे। उनकी ओर से वकीलों ने पेश होकर समय की मांग की, जिसे आयोग ने खारिज कर दिया।

इसके बाद चेयरपर्सन ने पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधीक्षकों (SP) को निर्देश दिए कि बादशाह को गिरफ्तार किया जाए और उनका पासपोर्ट भी जब्त किया जाए, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।

3 बजे तक दिया था अंतिम अल्टीमेटम

महिला आयोग ने बादशाह को दोपहर 3 बजे तक व्यक्तिगत रूप से पेश होने का अंतिम समय दिया था। लेकिन तय समय तक वह आयोग के सामने नहीं पहुंचे।

ढाई बजे के करीब उनके वकील दोबारा आयोग के सामने पहुंचे और प्रोफेशनल कमिटमेंट का हवाला देते हुए और समय मांगा। इस पर चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आयोग के आदेश की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों के सम्मान की रक्षा के लिए आयोग सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा

टटीरी सॉन्ग को लेकर क्यों शुरू हुआ विवाद

दरअसल ‘टटीरी’ गाने के कुछ बोल और वीडियो सीन को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी। आरोप है कि गाने में अश्लील शब्दों का प्रयोग किया गया और महिलाओं को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया। इसके अलावा वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस और नरवाना के सरकारी स्कूल के सीन बिना अनुमति इस्तेमाल करने का आरोप भी लगा है। कुछ दृश्यों में स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते हुए दिखाया गया, जिसे लेकर भी विरोध हुआ। इन शिकायतों के बाद Haryana State Commission for Women ने 6 मार्च को बादशाह को नोटिस जारी कर 13 मार्च को पानीपत में पेश होने के लिए कहा था।

बादशाह ने पहले जारी किया था माफी वाला वीडियो

विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि अगर उनके गाने के कुछ शब्दों या सीन से हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंची है तो वह माफी मांगते हैं। उन्होंने खुद को हरियाणा का बेटा बताते हुए लोगों से उन्हें माफ करने की अपील की थी।

गाने की टाइमलाइन

  • 1 मार्च: टटीरी सॉन्ग का रैप वर्जन रिलीज हुआ।

  • 3 मार्च: सॉन्ग प्रमोशन के लिए बादशाह सोनीपत और कैथल पहुंचे।

  • 4 मार्च: गाने के बोल और वीडियो को लेकर विवाद शुरू हुआ।

  • 5 मार्च: कई सामाजिक संगठनों ने शिकायतें भेजीं।

  • 6 मार्च: महिला आयोग ने समन जारी किया और FIR भी दर्ज हुई।

  • 7 मार्च: पुलिस ने यूट्यूब से गाना हटवा दिया।

  • 13 मार्च: आयोग के सामने पेश न होने पर गिरफ्तारी के आदेश जारी हुए।

प्रोफेशनल व्यस्तता के चलते नहीं आए

शुक्रवार को बादशाह की तरफ से 3 वकीलों का पैनल राज्य महिला आयोग के सामने पक्ष रखने पहुंचा। एडवोकेट अक्षय दहिया ने कहा- हमें और आप सबको पता है कि जो बादशाह से गलती हुई है या नहीं हुई, जिस पर विवाद छिड़ा हुआ है, हम इस मामले में आज यहां पेश हुए हैं। अपनी प्रोफेशनल कमिटमेंट की वजह से बादशाह यहां नहीं आ पाए। हमने आज चेयरपर्सन से टाइम लेने की कोशिश की है, लेकिन हमें दोपहर 3 बजे तक का समय दिया गया।

वकील बोले-बादशाह क्रिमिनल नहीं

सिंगर की ओर से पेश वकीलों ने कहा कि बादशाह से जो भी प्रकरण हुआ, उसके लिए वह ऑलरेडी एक वीडियो अपलोड कर चुके हैं। वे हरियाणा का नाम ऊपर कर रहे हैं, लेकिन गलतियां हम सब से हो जाती हैं। लेकिन बादशाह क्रिमिनल तो नहीं है।  

3 बजे से पहले वकील दोबारा पेश हुआ

महिला आयोग ने बादशाह को पेश होने के लिए दोपहर 3 बजे तक का समय दिया था। बादशाह नहीं आए। ढाई बजे के बाद बादशाह की ओर से वकील दोबारा आयोग के सामने पहुंचे और समय देने की मांग की। आयोग अध्यक्ष ने हर दलील को खारिज कर दिया।