कार और ई-रिक्शा की टक्कर में महिला की मौत
भिवानी के हनुमान गेट पर कार और ई-रिक्शा की टक्कर में दो बच्चों की मां निशा की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
➤ दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
➤ कार और ई-रिक्शा की टक्कर में महिला की दर्दनाक मौत
➤ हनुमान गेट के पास हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के भिवानी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चों की मां की मौत हो गई। हादसा शहर के हनुमान गेट क्षेत्र में हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान पतराम गेट निवासी करीब 40 वर्षीय निशा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार निशा किसी जरूरी काम से हनुमान गेट की तरफ गई थी। इसी दौरान रास्ते में एक कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत हो गई। हादसे में निशा गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए भिवानी नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
परिजनों ने बताया कि मृतका निशा अपने पीछे एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गई है। हादसे के बाद परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही जैन चौक पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। चौकी से एचसी उधम सिंह ने बताया कि उन्हें एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan