भिवानी में पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर ह*त्या, साथी गंभीर घायल

भिवानी के बवानीखेड़ा में 6 साल पुरानी रंजिश के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। एक अन्य युवक घायल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भिवानी में पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर ह*त्या, साथी गंभीर घायल
  • भिवानी में पुरानी रंजिश के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या
  • 15-16 आरोपियों ने दो दोस्तों पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और नुकीले हथियारों से किया हमला
  • हत्या का केस दर्ज, पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की

हरियाणा के भिवानी जिले के बवानीखेड़ा कस्बे में रविवार रात पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। करीब 15 से 16 लोगों ने दो दोस्तों पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और नुकीले हथियारों से हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान बवानीखेड़ा के वार्ड नंबर-11 निवासी 33 वर्षीय बलजीत के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक वार्ड नंबर-13 निवासी मोनू का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

अस्पताल से लौटते समय घेरकर किया हमला।

घायल मोनू ने बताया कि रविवार रात वह अपने दोस्त बलजीत के साथ बवानीखेड़ा अस्पताल में भर्ती उसकी भाभी का हालचाल जानने गया था। अस्पताल से लौटते समय रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे 15-16 लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।

आरोपियों ने दोनों पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और नुकीले हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद दोनों को मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले बवानीखेड़ा अस्पताल और फिर भिवानी नागरिक अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने बलजीत को मृत घोषित कर दिया।

6 साल पुराने विवाद को बताया हत्या की वजह।

मृतक के भतीजे राहुल ने आरोप लगाया कि यह हमला पूरी प्लानिंग के साथ किया गया। उसने बताया कि करीब 6 साल पहले होली के दौरान आरोपियों के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी।

राहुल के अनुसार, इसी मामले में आरोपी जेल में रहे थे और करीब तीन महीने पहले ही जमानत पर बाहर आए थे। बाहर आते ही उन्होंने सुनियोजित तरीके से बलजीत और उसके साथी पर हमला कर दिया।

इलाज में लापरवाही का भी आरोप।

परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यदि डॉक्टर समय रहते सही इलाज करते तो बलजीत की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस बोली- पुरानी रंजिश में हुई हत्या।

तोशाम डीएसपी दलीप सिंह ने बताया कि झगड़े में दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

डीएसपी के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का सामने आया है। उन्होंने बताया कि मृतक भी वर्ष 2020 के एक हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट रहा था और फिलहाल जमानत पर बाहर आया हुआ था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।