शादी के आठवें दिन दूल्हे की मौत,नीलगाय को बचाने में पेड़ से टकराई कार, दो युवकों की दर्दनाक मौत

भिवानी के लोहारू क्षेत्र में नीलगाय को बचाने के प्रयास में कार पेड़ से टकरा गई, जिसमें शादी के आठवें दिन युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई।

शादी के आठवें दिन दूल्हे की मौत,नीलगाय को बचाने में पेड़ से टकराई कार, दो युवकों की दर्दनाक मौत

➤ शादी के महज आठवें दिन युवक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत

➤ नीलगाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराई कार, दो युवकों ने तोड़ा दम

➤ भिवानी के बिसलवास गांव में हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम


हरियाणा के भिवानी जिले से दिल को झकझोर देने वाली दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि खुशियों से भरे परिवार में अचानक मातम छा गया। शादी के महज आठवें दिन दूल्हे की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।

जानकारी के अनुसार हादसा लोहारू क्षेत्र के बिसलवास गांव के पास हुआ। मृतकों की पहचान इंदीवाली निवासी 28 वर्षीय राकेश और उसके मामे के बेटे 15 वर्षीय योगेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राकेश की शादी एक सप्ताह पहले ही हुई थी। वह अपने मामा के घर भात मोड़ने आया हुआ था।

सोमवार को दोनों युवक कार में सवार होकर सिलेंडर भरवाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक नीलगाय आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में चालक ने कार को मोड़ा, लेकिन तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और डायल-112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही डायल-112 बाढड़ा और लोहारू पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां और ढोल-नगाड़ों की आवाज गूंज रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। नई नवेली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर अक्सर नीलगाय आने की वजह से हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।