क्लासरूम में मिला 6 फीट लंबा सांप, पूरे स्कूल की करानी पड़ी छुट्टी
भिवानी के धनाना सरकारी स्कूल के क्लासरूम में 6 फीट लंबा धामन सांप मिलने से पूरे स्कूल की छुट्टी करनी पड़ी। तीन घंटे बाद गौरक्षा दल ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।
➤ भिवानी के सरकारी स्कूल की क्लास में मिला 6 फीट लंबा धामन सांप
➤ छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे स्कूल की कराई गई छुट्टी
➤ 3 घंटे की मशक्कत के बाद गौरक्षा दल ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
हरियाणा के भिवानी जिले के धनाना गांव स्थित वीर शहीद हवलदार हुकमी राम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कक्षा के अंदर करीब 6 फीट लंबा धामन (घोड़ा पछाड़) सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही छात्राएं घबरा गईं और तुरंत स्कूल स्टाफ को इसकी सूचना दी। एहतियात के तौर पर सभी छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरे स्कूल की छुट्टी घोषित कर दी गई।
छात्राओं की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
प्रिंसिपल सुदेश चौहान ने बताया कि स्कूल में नियमित कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान 11वीं कॉमर्स की छात्राओं ने क्लासरूम के एक कोने में सांप बैठे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्टाफ मौके पर पहुंचा और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कक्षा खाली करा दी गई।
तीन घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलने पर गौरक्षा दल की टीम स्कूल पहुंची। टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी छात्रा, शिक्षक या कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
250 से ज्यादा छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला
स्कूल प्रशासन के अनुसार विद्यालय में छठी से बारहवीं तक की कक्षाएं संचालित होती हैं, जिनमें 250 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं। किसी भी तरह के खतरे से बचने के लिए पूरे स्कूल की छुट्टी कर दी गई।
चारदीवारी नहीं होने से बढ़ रही परेशानी
स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (SMC) के सदस्य संदीप घनघस ने बताया कि स्कूल की चारदीवारी और हॉल निर्माण के लिए करीब 55 लाख रुपये पहले ही मंजूर किए जा चुके हैं, लेकिन तीन वर्ष बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। उनका कहना है कि चारदीवारी नहीं होने के कारण पहले भी कई बार स्कूल परिसर में सांप निकल चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
धामन सांप जहरीला नहीं होता
गौरक्षा दल के सदस्य कुकी परमार ने बताया कि रेस्क्यू किया गया सांप धामन (घोड़ा पछाड़) प्रजाति का था, जो सामान्यतः जहरीला नहीं होता। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर उसे मारने की बजाय वन्यजीव बचाव टीम को सूचना दें।
Akhil Mahajan