केएमपी एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हा*दसा, ट्राले की टक्कर से ट्रक ड्राइवर की मौ*त
पलवल के केएमपी एक्सप्रेसवे पर ट्राले की टक्कर से हाइवा ट्रक ड्राइवर जमशेद की मौत हो गई। खराबी के बाद ट्रक की मरम्मत करते समय हादसा हुआ।
केएमपी एक्सप्रेसवे पर खराब खड़े हाइवा ट्रक में ट्राले ने मारी टक्कर
➤ ट्रक के नीचे मरम्मत कर रहे जमशेद की पहिए की चपेट में आने से मौत
➤ नूंह से गाजियाबाद जा रहा था ट्रक, राजस्थान के अलवर का रहने वाला था ड्राइवर
पलवल में केएमपी एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जोधपुर टोल टैक्स प्लाजा के पास खराब खड़े हाइवा ट्रक की मरम्मत कर रहे ड्राइवर को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्राले ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक ड्राइवर जमशेद की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक के नीचे मरम्मत का काम कर रहा जमशेद बाहर निकलने की कोशिश के दौरान पहिए की चपेट में आ गया और उसका सिर टायर से कुचल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक जमशेद अलवर (राजस्थान) के नीमली गांव का रहने वाला था। वह नूंह के फिरोजपुर-झिरका से गाजियाबाद (यूपी) सामान लेकर जा रहा था। रास्ते में केएमपी एक्सप्रेसवे पर उसके हाइवा ट्रक में खराबी आ गई। इसके बाद उसने वाहन मालिक को इसकी सूचना दी। मामले में सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई इरशाद की शिकायत पर अज्ञात ट्राला ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जोधपुर टोल प्लाजा के पास खराब हुआ था ट्रक
पुलिस को दी शिकायत में इरशाद ने बताया कि उसका भाई जमशेद हाइवा ट्रक चलाता था। जमशेद नूंह के फिरोजपुर-झिरका से गाजियाबाद की तरफ सामान लेकर जा रहा था। रात करीब 10 बजे जब ट्रक केएमपी एक्सप्रेसवे पर जोधपुर टोल टैक्स प्लाजा के पास पहुंचा, तो उसमें अचानक खराबी आ गई।
जमशेद ने इसकी सूचना वाहन मालिक इरशाद को दी। इसके बाद इरशाद और एक मिस्त्री देर रात करीब दो बजे मौके पर पहुंचे। ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर उसकी मरम्मत शुरू की गई। सुरक्षा के लिए ट्रक के पीछे प्लास्टिक के बैरिकेड्स भी लगाए गए थे, ताकि पीछे से आने वाले वाहन सावधान हो सकें।
ट्रक के नीचे मरम्मत कर रहा था जमशेद
रात के समय ट्रक की खराबी दूर करने के लिए मिस्त्री और ड्राइवर जमशेद ट्रक के नीचे जाकर मरम्मत का काम कर रहे थे। वहीं ट्रक मालिक इरशाद टार्च दिखाकर रोशनी कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में एक ट्राला वहां से आया और उसने खराब खड़े हाइवा ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मिस्त्री और ट्रक मालिक इरशाद बाल-बाल बच गए। हादसे के समय जमशेद ट्रक के नीचे था। टक्कर के बाद उसने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया। उसका सिर टायर से कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव अस्पताल भिजवाया, अज्ञात चालक पर केस
हादसे की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पलवल के जिला नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने इरशाद की शिकायत के आधार पर आरोपी ट्राला के अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
pooja