वरमाला के दौरान दुल्हन को स्टेज पर प्रेमी ने मारी गोली

बक्सर में वरमाला के दौरान दुल्हन को स्टेज पर गोली मारी गई। दुल्हन ने दीनबंधु का नाम लिया। हालत गंभीर, आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी।

वरमाला के दौरान दुल्हन को स्टेज पर  प्रेमी ने मारी गोली

■  वरमाला के दौरान दुल्हन को स्टेज पर गोली मारी गई
दुल्हन ने हमलावर के रूप में दीनबंधु का नाम लिया, हालत नाजुक
आरोपी फरार, पिता हिरासत में, घर सील कर छापेमारी तेज


बक्सर जिले में मंगलवार रात एक शादी समारोह  के दौरान स्टेज पर खड़ी दुल्हन को उसके कथित प्रेमी ने गोली मार दी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नगर चौसा पंचायत के मल्लाह टोला की है। गंभीर रूप से घायल दुल्हन को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां उसका ऑपरेशन जारी है।

मंगलवार रात नंद मल्लाह के घर शादी की खुशियां थीं। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से बारात आई थी। स्वागत, नाच-गाना और रस्में चल रही थीं। जयमाला के लिए स्टेज सज चुका था। 18 वर्षीय दुल्हन आरती सजी-धजी स्टेज पर पहुंची। दूल्हे ने हाथ बढ़ाया और दोनों वरमाला की रस्म निभाने ही वाले थे कि तभी वारदात हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक चेहरे पर नकाब लगाकर भीड़ के बीच से स्टेज के पास पहुंचा। वह लड़कियों के बीच खड़ा था। अचानक उसने पिस्टल निकाली और सामने से दुल्हन की ओर फायर कर दिया। गोली दुल्हन के पेट में लगी। तेज डीजे की आवाज के कारण कुछ क्षण तक किसी को समझ ही नहीं आया कि हुआ क्या है। कुछ ही सेकेंड में दुल्हन स्टेज पर गिर पड़ी और अफरा-तफरी मच गई।

परिवार के लोगों के अनुसार घायल दुल्हन रास्ते में और अस्पताल ले जाते समय बार-बार कहती रही कि दीनबंधु ने उसे गोली मारी है। परिवार का आरोप है कि आरोपी युवक दुल्हन से एकतरफा प्यार करता था। लड़की की शादी यूपी के बलिया में तय की गई थी, जिससे वह नाराज था।

घटना के बाद बारात वापस लौट गई। दूल्हे पक्ष का कहना है कि उन्हें किसी प्रेम प्रसंग की जानकारी नहीं थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी दीनबंधु पड़ोसी है और दोनों का घर आमने-सामने है। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि पिछले दो साल से दोनों के बीच संबंध की चर्चा थी, जबकि लड़की के पिता ने इसे एकतरफा प्रेम बताया है।

पुलिस ने आरोपी के पिता रमाशंकर चौधरी को हिरासत में लिया है। आरोपी का घर खाली करवाकर सील कर दिया गया है। मुफस्सिल थाना पुलिस के अनुसार यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और शादी समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ की जाएगी। पूरे इलाके में इस घटना के बाद सनसनी है। शादी की खुशियां चंद सेकेंड में चीख-पुकार में बदल गईं। अब सभी की नजर घायल दुल्हन की सेहत और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी है।