पेट्रोल-डीजल खरीद पर लिमिट लगाई! बाइक-स्कूटी को ₹500 और कार को ₹1500 से ज्यादा नहीं मिलेगा; पंपों पर पोस्टर लगे

चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल खरीद पर लिमिट लगा दी गई है। अब बाइक में ₹500 और कार में ₹1500 तक ही तेल मिलेगा। सप्लाई कम होने के चलते फैसला लिया गया।

पेट्रोल-डीजल खरीद पर लिमिट लगाई!  बाइक-स्कूटी को ₹500 और कार को ₹1500 से ज्यादा नहीं मिलेगा; पंपों पर पोस्टर लगे

➤ पेट्रोल-डीजल खरीद पर लिमिट लागू

➤ टू-व्हीलर को ₹500 और कार को ₹1500 तक ही मिलेगा तेल

➤ सप्लाई कम होने के चलते सेक्टर-17 पेट्रोल पंप ने लगाया पोस्टर


चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की खरीद पर सीमा तय कर दी गई है। शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर अब ग्राहकों को तय लिमिट तक ही तेल दिया जा रहा है। नए नियम के तहत बाइक और स्कूटी में एक बार में अधिकतम 500 रुपए और कार व अन्य फोर-व्हीलर में 1500 रुपए तक का ही पेट्रोल या डीजल मिलेगा।

फिलहाल यह व्यवस्था सेक्टर-17 स्थित एचजी पेट्रो केयर पेट्रोल पंप पर लागू की गई है। यहां इस संबंध में बाकायदा पोस्टर भी लगा दिया गया है। पंप कर्मचारियों का कहना है कि पीछे से तेल की सप्लाई कम हो रही है, जिसके चलते सभी ग्राहकों तक पेट्रोल-डीजल पहुंचाने के लिए यह फैसला लिया गया है।

पंप के कर्मचारी उजगार सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में सप्लाई सामान्य से कम आ रही है। ऐसे में कोशिश यही है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को तेल मिल सके। इसी वजह से लिमिट तय की गई है। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह से ही यह नियम लागू कर दिया गया और उसी हिसाब से ग्राहकों को पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है।

हालांकि, इस मामले में अभी तक चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शहर में कुल करीब 86 पेट्रोल पंप हैं, लेकिन फिलहाल इस तरह का पोस्टर केवल सेक्टर-17 के पेट्रोल पंप पर ही देखा गया है।

इस फैसले को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सेक्टर-17 पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे राजेश शर्मा ने कहा कि लिमिट लगाना सही फैसला है। उनका मानना है कि जब लोग सीमित मात्रा में तेल भरवाएंगे तो अनावश्यक गाड़ियों का इस्तेमाल भी कम होगा।

लुधियाना में CNG भरवाने के लिए वाहनों की लगी कतार। (फाइल फुटेज)

उधर, सेक्टर-10 पेट्रोल पंप के मैनेजर ने बताया कि उनके यहां पेट्रोल-डीजल की मांग अचानक बढ़ गई है। पहले जहां रोजाना करीब 22 हजार लीटर तेल की खपत होती थी, वहीं अब यह बढ़कर 26 हजार लीटर तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि रविवार को सप्लाई वाली गाड़ी नहीं आने से थोड़ी दिक्कत जरूर हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य है।

दरअसल, 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद पंजाब और चंडीगढ़ में ईंधन के दाम तेजी से बढ़े। चंडीगढ़ में पेट्रोल का रेट ₹94.30 से बढ़कर ₹97.44 और डीजल का रेट ₹82.45 से बढ़कर ₹85.56 प्रति लीटर हो गया।

पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर भी असर दिखाई देने लगा है। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने किराया बढ़ाने के संकेत दिए हैं, जिससे आने वाले दिनों में सब्जियों और जरूरी सामान की कीमतें भी बढ़ सकती हैं।

इसी बीच 16 मई को CNG की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई। थिंक गैस ने CNG के दाम में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की, जबकि IOCL ने ₹1.25 प्रति किलो रेट बढ़ाए।

लुधियाना में CNG का रेट अब ₹88.75 प्रति किलो हो गया है, जबकि मोहाली और चंडीगढ़ में CNG की कीमत बढ़कर ₹94.25 प्रति किलो तक पहुंच गई है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर दोनों की चिंता बढ़ा दी है।