CM सैनी ने कंगना रनोट संग देखी भारत भाग्य विधाता , हरियाणा में फिल्म हुई टैक्स-फ्री

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कंगना रनोट के साथ फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ देखी और हरियाणा में इसे टैक्स-फ्री करने की घोषणा की।

CM सैनी ने कंगना रनोट संग देखी भारत भाग्य विधाता , हरियाणा में फिल्म हुई टैक्स-फ्री
  • CM नायब सैनी ने कंगना रनोट संग देखी ‘भारत भाग्य विधाता’
  • हरियाणा में फिल्म को टैक्स-फ्री करने की घोषणा
  • स्पेशल स्क्रीनिंग में मंत्री, सांसद और विधायक भी रहे मौजूद

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार शाम अभिनेत्री और सांसद कंगना रनोट के साथ उनकी नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता (BBV)’ का विशेष प्रदर्शन देखा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म को हरियाणा में टैक्स-फ्री करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी सुमन सैनी, कई कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे।

सीएम सैनी से मिलतीं अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत।

मुख्यमंत्री और कंगना रनोट की यह मुलाकात राजनीतिक और फिल्मी दोनों हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक दिन पहले ही दोनों की नई दिल्ली में मुलाकात हुई थी। इस दौरान फिल्म और विभिन्न समसामयिक विषयों को लेकर बातचीत हुई थी। सूत्रों के अनुसार, फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग को लेकर भी उसी बैठक में चर्चा हुई थी।

फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में कंगना रनोट मुख्य भूमिका निभा रही हैं। फिल्म देशभक्ति, नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर आधारित बताई जा रही है। रिलीज के बाद से ही यह फिल्म चर्चा में बनी हुई है।

मुख्यमंत्री सैनी द्वारा फिल्म का विशेष प्रदर्शन देखना और उसे टैक्स-फ्री घोषित करना कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हरियाणा सरकार पिछले कुछ वर्षों से राज्य में फिल्म निर्माण और मनोरंजन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री की मौजूदगी को सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के कदम के रूप में भी देखा जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कंगना रनोट अब केवल फिल्मी दुनिया की चर्चित हस्ती ही नहीं, बल्कि सांसद के रूप में भी उनकी पहचान मजबूत हुई है। ऐसे में मुख्यमंत्री और कंगना का एक साथ मंच साझा करना स्वाभाविक रूप से चर्चा का विषय बन गया है।

नई दिल्ली में हरियाणा सीएम के साथ सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट। फाइल फोटो।

दिल्ली में हुई मुलाकात के बाद अगले ही दिन चंडीगढ़ में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग में दोनों की मौजूदगी ने राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। वहीं फिल्म को टैक्स-फ्री किए जाने के फैसले के बाद अब राज्य में इसके दर्शकों की संख्या बढ़ने की भी उम्मीद जताई जा रही है।