हांसी में दिग्विजय चौटाला के काफिले की गाड़ी से बुजुर्ग घायल रैली की तैयारी देखने निकले थे दिग्विजय, स्कूटी सवार को टक्कर
हांसी में जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला के काफिले की गाड़ी से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि वह इलेक्ट्रिक स्कूटी पर कोर्ट जा रहा था, तभी काफिले की गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी।
■ हांसी में दिग्विजय चौटाला के काफिले की गाड़ी से बुजुर्ग घायल
■ इलेक्ट्रिक स्कूटी पर जा रहे 65 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर, हालत नाजुक
■ रैली की तैयारियों का जायजा लेने निकले थे, कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचाया
हरियाणा के हांसी में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जननायक जनता पार्टी (JJP) के प्रदेश यूथ अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के काफिले की गाड़ी की चपेट में आने से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बुजुर्ग को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि यह हादसा हांसी-जींद रोड पर उस समय हुआ, जब दिग्विजय चौटाला 13 मार्च को अनाज मंडी में होने वाली रैली की तैयारियों का जायजा लेने निकले थे। इसी दौरान उनके काफिले की एक गाड़ी ने इलेक्ट्रिक स्कूटी पर जा रहे एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी।
घायल व्यक्ति की पहचान बसाऊदिन (65) के रूप में हुई है, जो हांसी की दयाल सिंह कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बसाऊदिन किसी काम से कोर्ट की तरफ जा रहे थे, तभी काफिले की गाड़ी ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद दिग्विजय चौटाला के सुरक्षाकर्मियों और जेजेपी कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाला और पार्टी कार्यकर्ता की कार में बैठाकर हांसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर फिलहाल उनका इलाज कर रहे हैं।हादसे से पहले दिग्विजय चौटाला ने हांसी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों द्वारा 509 करोड़ रुपये की सरकारी राशि का उपयोग संपत्ति और आभूषण खरीदने में किया गया, जिसकी सरकार को जानकारी तक नहीं थी।
चौटाला ने धान घोटाले में 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का भी जिक्र किया और कहा कि इस मामले में 30 से अधिक अधिकारी जेल जा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने बिजली विभाग में भी 1300 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया।
प्रेस वार्ता में दिग्विजय चौटाला ने हांसी की स्थानीय समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध लगातार बढ़ रहा है और यह धीरे-धीरे हरियाणा की क्राइम कैपिटल बनता जा रहा है। उन्होंने बरवाला रोड पर लंबे समय से बंद पड़े ट्रैफिक और आसपास के गांवों में जलभराव की समस्या को भी सरकार की नाकामी बताया।चौटाला ने कहा कि जब दुष्यंत चौटाला प्रदेश के उपमुख्यमंत्री थे, तब हांसी के विकास के लिए कई परियोजनाएं स्वीकृत की गई थीं। इनमें हांसी-भिवानी फोरलेन, उमरा रोड और तोशाम रोड पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) जैसे प्रोजेक्ट शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने तितरम मोड़ से हांसी तक प्रस्तावित फोरलेन परियोजना को रद्द कर दिया।प्रेस वार्ता के दौरान हांसी व्यापार मंडल के प्रधान प्रवीन तायल की दिग्विजय चौटाला से मुलाकात भी चर्चा का विषय रही। विधानसभा चुनाव में भाजपा के समर्थन में वोट मांगने वाले तायल से जब पत्रकारों ने जेजेपी की रैली में शामिल होने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि किसी के जन्मदिन की रैली में जाना कोई बड़ी बात नहीं है और वह इसमें शामिल होंगे।
इस पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रवीन तायल उनके पिता के पुराने साथी रहे हैं और रैली में उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। इस मुलाकात को हांसी की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
shubham