ED की छापेमारी में सोने-हीरे के गहनों से भरा सूटकेस जब्त, करीब पांच करोड़ की नकदी भी बरामद- हरियाणा से जुड़ा मामला
हरियाणा और यूपी में दर्ज 15 से ज्यादा मामलों के आधार पर ईडी ने दिल्ली में छापेमारी की। कार्रवाई में 5.12 करोड़ नकद, 8.80 करोड़ के गहने और 35 करोड़ की संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किए गए।
➤हरियाणा और यूपी में दर्ज 15 से ज्यादा मामलों के आधार पर ईडी की बड़ी कार्रवाई
➤दिल्ली में छापेमारी के दौरान 5.12 करोड़ नकद और 8.80 करोड़ के गहने जब्त
➤35 करोड़ की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी ईडी के कब्जे में
हरियाणा और यूपी में दर्ज 15 से ज्यादा मामलों के आधार पर ईडी की बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली में छापेमारी के दौरान 5.12 करोड़ नकद और 8.80 करोड़ के गहने जब्त किए हैं। जबकि 35 करोड़ की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी ईडी के कब्जे में लिए हैं।
ईडी के अनुसार, आरोपियों पर आयुध अधिनियम, 1959, भारतीय न्याय संहिता, 2023 और भारतीय दंड संहिता, 1860 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। इन्हीं मामलों को आधार बनाकर ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की है।
मंगलवार को ईडी ने दिल्ली के सर्वप्रिया विहार स्थित एक परिसर में छापेमारी की। इस दौरान 5.12 करोड़ रुपये नकद, सोने और हीरे के गहनों से भरा एक सूटकेस बरामद किया गया। इन गहनों की अनुमानित कीमत करीब 8.80 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक बैग में रखी चेक बुक और करीब 35 करोड़ रुपये की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
ईडी अधिकारियों के मुताबिक, यह तलाशी कार्रवाई इंदरजीत सिंह यादव, उसके सहयोगियों, अपोलो ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और उनसे जुड़ी अन्य संस्थाओं व व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग केस में की जा रही है। बरामदगी इंदरजीत सिंह यादव के सहयोगी अमन कुमार के परिसरों से हुई है। यह तलाशी 30 दिसंबर को शुरू हुई थी और अभी भी कार्रवाई जारी है।
ईडी ने साफ किया है कि जब्त नकदी, गहनों और दस्तावेजों की वित्तीय जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Akhil Mahajan