राजीव गांधी के जन्मदिन पर राहुल गांधी का भावुक संदेश, बोले- पापा के बाद मां ने हर चुनौती का साहस से सामना किया
राजीव गांधी की जयंती पर राहुल गांधी ने मां सोनिया गांधी के लिए भावुक संदेश लिखा। उन्होंने राजीव गांधी के निधन के बाद मां के संघर्ष और साहस को याद किया।
➤ राजीव गांधी की जयंती पर राहुल गांधी ने मां सोनिया के लिए लिखा भावुक संदेश
➤ बोले- पापा के जाने के बाद आपकी जिंदगी कितनी कठिन रही, सिर्फ प्रियंका और मैं जानते हैं
➤ राहुल ने कहा- पापा ऊपर से मुस्कुरा रहे होंगे और अपनी खूबसूरत सोनिया को गर्व से देख रहे होंगे
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी के लिए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक भावुक संदेश साझा किया। राहुल गांधी ने अपने संदेश में अपने पिता राजीव गांधी के निधन के बाद मां सोनिया गांधी के जीवन के संघर्षों और उनके साहस का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी मां को जिंदगी की ओर से सामने आई हर चुनौती का सामना अटूट साहस और गरिमा के साथ करते देखा है।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में लिखा, 'मां, मैंने आपको और पापा को आखिरी बार 35 साल से भी अधिक समय पहले साथ देखा था। जिस दिन से पापा हमें छोड़कर गए, उस दिन से मैंने आपको जिंदगी की ओर से सामने आई हर चुनौती का सामना अटूट साहस और गरिमा के साथ करते देखा है।'
Mama,
I last saw you and Papa together more than 35 years ago. Since the day Papa left, I have watched you face everything life threw at you with never-ending courage and dignity. Only Priyanka and I really know what you have been through, and how difficult your life after Papa… pic.twitter.com/OYumcZ2hnC — Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 20, 2026
उन्होंने कहा कि केवल वह और उनकी बहन प्रियंका गांधी ही वास्तव में जानते हैं कि सोनिया गांधी किन परिस्थितियों से गुजरी हैं और राजीव गांधी के बाद उनकी जिंदगी कितनी कठिन रही। राहुल गांधी ने अपनी मां के संघर्ष को याद करते हुए उनके प्रति गर्व और भावनात्मक जुड़ाव भी व्यक्त किया।
सोनिया गांधी की किताब का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने अपने संदेश में सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वह खुश हैं और उन्हें इस बात पर बेहद गर्व है कि उनकी मां की कहानी आखिरकार उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी, जो उनसे प्यार करते हैं।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी जैसी शख्सियत के लिए, जो अपने निजी जीवन को हमेशा अपने तक रखने वाली रही हैं, दुनिया के सामने अपनी खूबसूरत कहानी रखना कितना कठिन रहा होगा, वह इसे समझ सकते हैं। राहुल गांधी के इस संदेश में मां के संघर्ष, निजी जीवन और राजीव गांधी की यादों का भावनात्मक जुड़ाव दिखाई दिया।
भारतीयों के बीच सद्भावना, हर दिल में करुणा और, हर नागरिक को न्याय और लोकतंत्र में समान अधिकार..
पापा, आपकी ये सीख मेरी शक्ति है और आपकी यादें मेरी हिम्मत। आपके सपनों का भारत बनाने का संकल्प हमेशा मेरा मार्गदर्शन करता रहेगा। pic.twitter.com/YsXEFO05Ur — Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 20, 2026
राजीव गांधी की जयंती पर पिता को याद किया
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि आज, अपने पिता राजीव गांधी के जन्मदिन पर, वह कल्पना कर सकते हैं कि पापा ऊपर से मुस्कुरा रहे होंगे और अपनी खूबसूरत सोनिया को गर्व से देख रहे होंगे।
राहुल गांधी का यह संदेश राजीव गांधी की जयंती के मौके पर सामने आया। राजीव गांधी का जन्म 1944 में आज ही के दिन हुआ था। उनके जन्मदिन पर राहुल गांधी ने अपने पिता की याद के साथ अपनी मां सोनिया गांधी के जीवन के संघर्षों को भी भावुक शब्दों में याद किया।
Akhil Mahajan