लॉरेंस गैंग के नाम पर एल्विश यादव से ₹10 करोड़ की रंगदारी मांगी

यूट्यूबर एल्विश यादव को विदेशी नंबर से ₹10 करोड़ की रंगदारी मांगने और गोली मारने की धमकी मिली है। गुरुग्राम पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है।

लॉरेंस गैंग के नाम पर एल्विश यादव से ₹10 करोड़ की रंगदारी  मांगी

एल्विश यादव से ₹10 करोड़ की रंगदारी मांगने का दावा

विदेशी नंबर से मिली 2 दिन में गोली मारने की धमकी

पहले भी गुरुग्राम स्थित घर पर हो चुकी थी 24 राउंड फायरिंग

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एल्विश यादव से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। (फोटो सोर्स- एलविश यादव इंस्टाग्राम) - Dainik Bhaskar

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर एल्विश यादव को एक बार फिर गैंगस्टरों से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। दावा किया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बदमाशों ने एल्विश यादव से ₹10 करोड़ की रंगदारी मांगी है। धमकी विदेशी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज के जरिए दी गई।

जानकारी के अनुसार, एल्विश यादव इन दिनों शो ‘लाफ्टर शेफ’ की शूटिंग में व्यस्त हैं और फिलहाल गुरुग्राम से बाहर बताए जा रहे हैं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज आया।

एल्विश यादव और गुरुग्राम स्थित उनका घर।

परिवार के मुताबिक, आरोपी ने धमकी में कहा कि अगर दो दिन के भीतर ₹10 करोड़ नहीं दिए गए तो एल्विश यादव को गोली मार दी जाएगी। मामले की शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 5 मई को एल्विश यादव के पास पहले विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। वह कॉल रिसीव नहीं कर पाए। इसके कुछ देर बाद उसी नंबर से धमकी भरा मैसेज भेजा गया।

मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी रणदीप मलिक बताया और ₹10 करोड़ की डिमांड की। साथ ही दो दिन के भीतर पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

मामले पर एल्विश यादव के पिता रामअवतार यादव ने कहा कि उनका बेटा मेहनत के दम पर इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में कई पैसे वाले लोग रहते हैं और कोई भी किसी को धमकी देकर पैसे मांग सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि एल्विश ने इस बारे में उनसे कोई चर्चा नहीं की।

गुरुग्राम में एल्विश के घर फायरिंग करते बदमाश और इनसेट में एल्विश।

गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें लगी हुई हैं। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरी कॉल और मैसेज कहां से भेजे गए।

यह पहला मौका नहीं है जब एल्विश यादव को इस तरह की धमकियां मिली हों। इससे पहले 17 अगस्त 2025 को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। तीन बाइक पर आए बदमाशों ने करीब 24 राउंड गोलियां चलाई थीं।

फायरिंग में घर के दरवाजों, खिड़कियों और छत तक गोलियों के निशान मिले थे। पुलिस जांच में सामने आया था कि गौरव और आदित्य नामक युवकों ने फायरिंग की थी। दोनों को इस वारदात के लिए 50-50 हजार रुपए दिए गए थे।

इस मामले में अपराध शाखा और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। फरीदाबाद निवासी गौरव और आदित्य को दिल्ली के शाहबाद इलाके से पकड़ा गया था। वहीं, इशांत और जतिन नामक आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था।

जांच एजेंसियों के अनुसार, फायरिंग की पूरी साजिश विदेश में बैठे गैंगस्टर भाऊ के निर्देश पर रची गई थी। अब एक बार फिर रंगदारी की धमकी मिलने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से जांच रही है।