लॉरेंस गैंग की धमकी के बाद एल्विश यादव के घर कड़ी सुरक्षा
यूट्यूबर एल्विश यादव को 10 करोड़ की एक्सटॉर्शन और जान से मारने की धमकी मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी है।
एल्विश यादव के घर पर गुरुग्राम पुलिस की कड़ी सुरक्षा
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10 करोड़ की एक्सटॉर्शन मांग
सेक्टर-56 में हथियारबंद जवान तैनात, पुलिस लगातार गश्त पर
गुरुग्राम के सेक्टर-56 में रहने वाले मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ विजेता Elvish Yadav एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला किसी विवाद का नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा से जुड़ा है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे रणदीप मलिक द्वारा एक्सटॉर्शन और जान से मारने की धमकी मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है।
धमकी के बाद पुलिस ने एल्विश यादव के सेक्टर-56 स्थित घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। उनके आवास के बाहर पांच से छह हथियारों से लैस पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। घर के आसपास पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए घर के आसपास के प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। बिना किसी ठोस कारण के किसी को भी परिसर के आसपास रुकने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
पुलिस ने सुरक्षा के लिए विशेष बाइक राइडर दस्ते को भी तैनात किया है। इसके अलावा PCR गाड़ियों को सेक्टर-56 और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे को हल्के में नहीं लिया जा रहा।
बताया जा रहा है कि 5 मई को एल्विश यादव को एक धमकी भरा मैसेज मिला था। इस संदेश में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा रणदीप मलिक बताते हुए 10 करोड़ रुपए की एक्सटॉर्शन मांगी गई। साथ ही दो दिन के भीतर रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
धमकी मिलने के बाद एल्विश यादव की ओर से तुरंत गुरुग्राम पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया।
गुरुग्राम पुलिस की साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं। धमकी भरे मैसेज के तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश वास्तव में किसी गैंग की ओर से भेजा गया या फिर किसी असामाजिक तत्व ने डर फैलाने के मकसद से ऐसा किया।
गौरतलब है कि पिछले साल 17 अगस्त को भी एल्विश यादव के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। उस घटना के बाद भी उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे।
वहीं पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि अपराधियों और गैंग के नामों को अनावश्यक रूप से प्रमोट नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग भय का माहौल बनाकर प्रसिद्धि हासिल करना चाहते हैं। गुरुग्राम पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
pooja