हरियाणा मेंVIP पायलट 40 लाख की ड्रग्स के साथ गिरफ्तार
गुरुग्राम में एक VIP चार्टर्ड पायलट को 814 ग्राम MDMA ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
गुरुग्राम में VIP चार्टर्ड पायलट 814 ग्राम MDMA ड्रग्स के साथ गिरफ्तार
लग्जरी कार से नोएडा से लाई गई करीब 40 लाख रुपये की नशीली खेप बरामद
पुलिस रिमांड में होगा खुलासा, ड्रग सिंडिकेट और सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
गुरुग्राम पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए VIP चार्टर्ड विमान उड़ाने वाले पायलट को भारी मात्रा में MDMA ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की लग्जरी कार से 814 ग्राम कमर्शियल मात्रा में MDMA बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस अब पूरे ड्रग सिंडिकेट और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान केरल निवासी 32 वर्षीय अरशद अली उर्फ अज्जू के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गुरुग्राम के दौलताबाद स्थित लैंडमार्क सोसाइटी में रह रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी के पास कमर्शियल एयर पायलट लाइसेंस है। पहले वह एक निजी एयरलाइन में पायलट था और वर्तमान में एक निजी कंपनी के लिए VIP चार्टर्ड विमान उड़ाता है।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 को कई दिनों से आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-103 के पास नाकाबंदी की और सुबह करीब 10 बजे आरोपी की लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 814 ग्राम MDMA बरामद हुई, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शुरुआत में वह खुद ड्रग्स का सेवन करता था। धीरे-धीरे उसे नशे की लत लग गई। बढ़ते खर्च और पैसों की जरूरत के कारण वह ड्रग्स तस्करी से जुड़ गया और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल था।
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ राजेंद्र पार्क थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद नशीला पदार्थ कमर्शियल मात्रा में होने के कारण आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान उससे जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी नोएडा से ड्रग्स की खेप लेकर गुरुग्राम पहुंचा था। अब पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है, जो उसे नशीला पदार्थ उपलब्ध कराते थे। इसके लिए दिल्ली-एनसीआर और नोएडा में कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस ड्रग नेटवर्क के तार अन्य राज्यों या विमानन क्षेत्र से जुड़े कुछ अन्य लोगों तक तो नहीं पहुंचते। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
MDMA एक सिंथेटिक नशीला पदार्थ है, जिसे एक्सटेसी या मॉली के नाम से भी जाना जाता है। यह मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र पर सीधा असर डालता है। विशेषज्ञों के अनुसार इसका सेवन कुछ समय के लिए अत्यधिक ऊर्जा और खुशी का एहसास कराता है, लेकिन इसकी लत स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।
pooja