EPFO के 31 लाख निष्क्रिय PF खातों की रकम होगी वापस, बिना आवेदन सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर

EPFO के 31 लाख निष्क्रिय PF खातों में जमा 10,903 करोड़ रुपये सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे। खाताधारकों को आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।

EPFO के 31 लाख निष्क्रिय PF खातों की रकम होगी वापस, बिना आवेदन सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर

3 साल तक लेनदेन नहीं तो खाता माना जाता है निष्क्रिय
करीब 31.86 लाख खातों में 10,903 करोड़ रुपये जमा
पायलट प्रोजेक्ट के तहत 6 लाख खातों से शुरुआत



कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी Employees' Provident Fund Organisation (EPFO) से जुड़े लाखों खाताधारकों के लिए राहत की खबर है। श्रम मंत्रालय ने निष्क्रिय पड़े पीएफ खातों में जमा रकम को सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर करने की तैयारी कर ली है। खास बात यह है कि खाताधारकों को इसके लिए कोई आवेदन या कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं करनी होगी।

नियमों के मुताबिक, यदि किसी EPFO खाते में लगातार तीन साल तक कोई वित्तीय गतिविधि नहीं होती, तो उसे निष्क्रिय खाता माना जाता है। ऐसे करीब 31 लाख से अधिक खातों की पहचान की गई है, जो वर्षों से बिना उपयोग के पड़े हैं।

कितनी राशि है जमा?

आंकड़ों के अनुसार, करीब 31.86 लाख निष्क्रिय खातों में लगभग 10,903 करोड़ रुपये जमा हैं। इनमें से लगभग 6 लाख खाते ऐसे हैं, जिनमें 1,000 रुपये या उससे कम राशि पड़ी है। इन खातों में कुल करीब 30.52 करोड़ रुपये जमा हैं।

कैसे होगा ट्रांसफर?

सरकार ने फिलहाल इस प्रक्रिया को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया है। पहले चरण में 6 लाख खातों को शामिल किया गया है।

  • आधार से लिंक खातों में राशि तत्काल ट्रांसफर की जाएगी।

  • अन्य खातों में चरणबद्ध तरीके से रकम भेजी जाएगी।

यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो बाकी बचे लगभग 25 लाख निष्क्रिय खातों में भी इसी प्रक्रिया के तहत पैसा ट्रांसफर किया जाएगा।

क्यों जरूरी था यह कदम?

अक्सर लोग नौकरी बदलने के बाद पुराने पीएफ खाते भूल जाते हैं या छोटी रकम निकालने के लिए जटिल प्रक्रिया से बचते हैं। ऐसे में वर्षों से राशि अटकी रह जाती है। सरकार का उद्देश्य इन खातों में पड़ी रकम को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाना है।

इस नई व्यवस्था के तहत खाताधारकों को न तो EPFO दफ्तर जाना होगा और न ही कोई फॉर्म भरना होगा। विभाग स्वयं सत्यापन के बाद संबंधित बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करेगा।