पूर्व उपराष्ट्रपति के काफिले की एस्कॉर्ट कार ट्रक से टकराई
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नूंह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के काफिले की एस्कॉर्ट कार हादसे में क्षतिग्रस्त हुई। ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से टक्कर हुई।
• दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पूर्व उपराष्ट्रपति के काफिले की एस्कॉर्ट कार हादसे में क्षतिग्रस्त
• ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से वैगनआर टकराई, चपेट में आई एस्कॉर्ट गाड़ी
• हादसे में कोई हताहत नहीं, सभी अधिकारी और सुरक्षाकर्मी सुरक्षित
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार को पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के काफिले से जुड़ी एस्कॉर्ट कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह घटना हरियाणा के नूंह जिले के थाना पीनगवां क्षेत्र में गांव रिठठ के पास हुई। काफिला दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहा था।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गांव रिठठ के पास आगे चल रहे एक ट्रक (ट्रोला) ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके चलते पीछे से आ रही वैगनआर कार ट्रक से टकरा गई। इसी टक्कर की चपेट में काफिले के साथ चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी भी आ गई, जिससे उसे नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पीनगवां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान की स्थिति नहीं बनी।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। काफिले में शामिल सभी अधिकारी, सुरक्षाकर्मी और चालक पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण अचानक ब्रेक लगना या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।
Akhil Mahajan