हरियाणा के युवा भाजपा नेता की मौत, रात दवाई खाकर सोया फ‍िर उठा नहीं

भाजपा युवा मोर्चा के जिला कार्यालय सचिव रजत जयसवाल की अचानक मौत हो गई। दवाई खाकर सोने के बाद नहीं उठे, हार्ट फेल की आशंका जताई जा रही है।

हरियाणा के युवा भाजपा नेता की मौत, रात दवाई खाकर सोया फ‍िर उठा नहीं


• दवाई खाकर सोए, सुबह नहीं उठे, हार्ट फेल की आशंका
• पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की होगी पुष्टि

हरियाणा के फरीदाबाद जिले के एनआईटी-5 फ्रूट गार्डन क्षेत्र में रहने वाले भाजपा युवा मोर्चा के जिला कार्यालय सचिव रजत जयसवाल की रविवार अचानक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एनआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बादशाह खान अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

मृतक की उम्र 34 वर्ष बताई गई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात रजत जयसवाल परिवार के साथ घर पर ही थे और सभी ने साथ में खाना खाया था। रात के समय उनकी तबीयत कुछ खराब महसूस हुई, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय डॉक्टर से दवा ली और अपने कमरे में सोने चले गए।

रविवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजनों को चिंता हुई। कमरे में जाकर देखा गया तो रजत जयसवाल अचेत अवस्था में पड़े थे। परिजन उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक तौर पर हार्ट फेल को मौत का कारण माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। एनआईटी थाना प्रभारी महाबीर प्रसाद ने बताया कि फिलहाल किसी प्रकार की संदिग्ध स्थिति सामने नहीं आई है, फिर भी पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।