होटल में महिला शूटर से jरेप , सहेली पर साजिश का आरोप
फरीदाबाद के एक होटल में भिवानी की महिला शूटर से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। सहेली समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।
- फरीदाबाद के होटल में हरियाणा की महिला शूटर से दुष्कर्म का आरोप
- सहेली पर साजिश का शक, पहचान वाले युवक ने बुलाकर रुकवाया होटल में
- पीड़िता की सूझबूझ से सहेली समेत तीनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
हरियाणा के फरीदाबाद में एक होटल के भीतर महिला शूटर के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता भिवानी की रहने वाली है, जो अपनी सहेली के साथ शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने फरीदाबाद आई थी। आरोप है कि सहेली ने अपने एक जानकार युवक को बुलाया, जिसने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिलवाया।
पीड़िता के अनुसार प्रतियोगिता खत्म होने के बाद दोनों वापस भिवानी लौटने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान सहेली ने अपने एक जानकार से संपर्क किया, ताकि वह उन्हें मेट्रो स्टेशन तक छोड़ सके। देर रात का हवाला देते हुए आरोपी ने फरीदाबाद में ही रुकने का सुझाव दिया और दोनों महिला खिलाड़ियों को सराय ख्वाजा इलाके के एक होटल में ले गया।
बताया गया कि होटल पहुंचने के कुछ समय बाद सहेली के जानकार का एक दोस्त भी वहां आ गया। चारों ने दो कमरे लिए और साथ बैठकर पार्टी की। रात करीब 9 बजे पीड़िता की सहेली अपने जानकार के साथ नीचे जाने की बात कहकर बाहर चली गई। इसी दौरान दूसरे कमरे में मौजूद युवक ने महिला शूटर के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए अपनी सहेली और दोनों युवकों को कमरे में बंद कर दिया और खुद बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान के आधार पर उसकी सहेली समेत तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पीड़िता ने महिला थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार तीनों आरोपियों को 18 दिसंबर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है।
Author1