विवाह समारोह में सियासत की संगत,CM सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा दिखे एक साथ
फतेहाबाद में विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया के भतीजे के प्रीतिभोज में मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा सहित कई सांसद और विधायक पहुंचे
➤ अभिमन्यु दौलतपुरिया के प्रीतिभोज में सत्ता और विपक्ष के दिग्गज एक साथ
➤ हेलीकॉप्टर से पहुंचे सीएम नायब सैनी, विशेष कक्ष में हुई मुलाकातें
➤ एक ही कक्ष में दिखे सीएम, पूर्व सीएम, तीन सांसद और दर्जनभर विधायक
फतेहाबाद में आयोजित प्रीतिभोज ने राजनीति और सामाजिक रिश्तों का अनोखा संगम पेश किया। विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया के भतीजे के विवाह समारोह में सत्ता और विपक्ष के दिग्गजों की एक साथ मौजूदगी ने इस आयोजन को खास बना दिया। मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का आमना-सामना राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म देता नजर आया।
सबसे अहम दृश्य उस समय देखने को मिला जब विशेष भोजन कक्ष में एक ही समय पर मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा, हिसार सांसद जयप्रकाश और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला एक साथ मौजूद थे। उनके साथ सत्ता और विपक्ष के करीब एक दर्जन विधायक भी मौजूद रहे। राजनीतिक गलियारों में इस दृश्य को विशेष महत्व के साथ देखा जा रहा है, क्योंकि यह मंच सिर्फ सामाजिक आयोजन का नहीं बल्कि सियासी संवाद का भी प्रतीक बन गया।
कार्यक्रम में रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सिरसा सांसद कुमारी सैलजा, हिसार सांसद जयप्रकाश, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और रणदीप सुरजेवाला सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, कृष्ण बेदी और कृष्ण पंवार भी अभिमन्यु दौलतपुरिया को आशीर्वाद देने पहुंचे। सत्ता और विपक्ष के कई मौजूदा व पूर्व विधायक भी समारोह में शामिल हुए। उल्लेखनीय बात यह रही कि विधानसभा चुनाव में विधायक बलवान दौलतपुरिया के कट्टर प्रतिद्वंदी रहे पूर्व विधायक दुड़ाराम भी कार्यक्रम में नजर आए, जिससे राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
मुख्यमंत्री नायब सैनी प्रीतिभोज में शामिल होने के लिए विशेष हेलीकॉप्टर से फतेहाबाद पुलिस लाइन पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। सुबह अचानक हुई बारिश के कारण उनके आगमन को लेकर संशय जताया जा रहा था, लेकिन मौसम साफ होते ही मुख्यमंत्री तय समय पर समारोह में पहुंचे।
जब मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, उस समय सांसद दीपेंद्र हुड्डा पहले से मौजूद थे। दोनों नेताओं ने आपसी अभिवादन किया और साथ बैठकर कुछ देर बातचीत भी की। इसके बाद वे एक साथ भोजन कक्ष की ओर बढ़े। थोड़ी देर बाद नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा भी कार्यक्रम में पहुंचे। विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया स्वयं उन्हें रिसीव करने आए और विशेष भोजन कक्ष तक लेकर गए।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं के बीच अनौपचारिक मुलाकातों और बातचीत ने इस आयोजन को और अधिक राजनीतिक महत्व दे दिया। हालांकि कुछ समय बाद सांसद दीपेंद्र हुड्डा अन्य व्यस्तताओं के चलते कार्यक्रम से रवाना हो गए। उनके जाने के लगभग दस मिनट बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी और सांसद सुभाष बराला भी कार्यक्रम से निकल गए।
फतेहाबाद में आयोजित यह प्रीतिभोज न केवल पारिवारिक उत्सव रहा, बल्कि प्रदेश की राजनीति में संवाद और समीकरणों की नई तस्वीर भी पेश करता नजर आया।
Akhil Mahajan