हिमाचलियों के लिए नोएडा का सफर हुआ आसान, गगल-जेवर के बीच 1 जुलाई से सीधी उड़ान

1 जुलाई से गगल एयरपोर्ट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के बीच इंडिगो की सीधी उड़ान शुरू होगी। इससे धर्मशाला और कांगड़ा पहुंचना आसान होगा तथा यात्रा केवल 1 घंटा 40 मिनट में पूरी होगी।

हिमाचलियों के लिए नोएडा का सफर हुआ आसान, गगल-जेवर के बीच 1 जुलाई से सीधी उड़ान

1 जुलाई से गगल और जेवर एयरपोर्ट के बीच शुरू होगी इंडिगो की सीधी उड़ान

दिल्ली एयरपोर्ट की भीड़ और ट्रैफिक से यात्रियों को मिलेगी राहत

धर्मशाला, मैक्लोडगंज और कांगड़ा आने वाले पर्यटकों को होगा बड़ा फायदा


हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा घाटी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बीच हवाई संपर्क अब और मजबूत होने जा रहा है। 1 जुलाई से गगल हवाई अड्डा और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के बीच इंडिगो एयरलाइन की सीधी उड़ान सेवा शुरू होगी। इस नई सुविधा से यात्रियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, जबकि कांगड़ा और धर्मशाला तक पहुंचना पहले से अधिक आसान हो जाएगा।

नई उड़ान सेवा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। इससे पर्यटन, धार्मिक यात्रा और व्यावसायिक आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

इंडिगो एयरलाइन द्वारा जारी उड़ान शेड्यूल के अनुसार विमान सुबह 9:55 बजे नोएडा (जेवर) एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा और 11:40 बजे गगल एयरपोर्ट पहुंचेगा। वापसी में विमान दोपहर 12:00 बजे गगल से रवाना होकर 1:40 बजे नोएडा पहुंचेगा। इस तरह दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय केवल 1 घंटा 40 मिनट रहेगा।

इस नई सेवा से धर्मशाला, मैक्लोडगंज, कांगड़ा, चामुंडा देवी मंदिर, ज्वालाजी मंदिर और कांगड़ा देवी मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंचना आसान होगा। माना जा रहा है कि इससे वीकेंड टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय पर्यटन उद्योग को नई रफ्तार मिलेगी।

हालांकि शुरुआती दिनों में टिकट के किराये में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। जानकारी के अनुसार सामान्य दिनों में धर्मशाला-नोएडा का किराया करीब 7,938 रुपये रह सकता है। वहीं सप्ताहांत पर, विशेष रूप से शनिवार को यह किराया लगभग 23,688 रुपये और रविवार को 18,333 रुपये तक पहुंच सकता है।

गगल एयरपोर्ट के निदेशक अमित सकलानी ने बताया कि 1 जुलाई से गगल एयरपोर्ट औपचारिक रूप से नोएडा (जेवर) एयरपोर्ट से जुड़ जाएगा। विमानन कंपनियों ने नई उड़ान का शेड्यूल और किराया अपनी वेबसाइटों पर जारी कर दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सेवा से प्रदेश के पर्यटन उद्योग और हवाई संपर्क को नया आयाम मिलेगा।