एकतरफा प्‍यार! 'ना' सुनने पर सनकी आशिक ने युवती को मार दी गोली, जानें फ‍िर क्‍या हुआ

ऑफिस जाती युवती को युवक ने प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर गोली मार दी। पीड़िता को कंधे में गोली लगी, हालत स्थिर। आरोपी जौनपुर निवासी विपिन गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ।

एकतरफा प्‍यार!  'ना' सुनने पर सनकी आशिक ने युवती को मार दी गोली, जानें फ‍िर क्‍या हुआ

गुरुग्राम में ऑफिस जाती युवती को युवक ने मारी गोली
प्रपोजल ठुकराने से नाराज था आरोपी विपिन
युवती की हालत स्थिर, आरोपी गिरफ्तार


हरियाणा के गुरुग्राम जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने ऑफिस जाती युवती को दिनदहाड़े गोली मार दी। घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की है। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवती की हालत अब स्थिर है।

युवक और घटना की जानकारी देती अस्पताल में भर्ती युवती।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ की रहने वाली है और गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करती है। वहीं, आरोपी युवक विपिन (31) उत्तर प्रदेश के जौनपुर का निवासी है और एक निजी कंपनी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल के पास से गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल भी बरामद की है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी और पीड़िता पहले एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन हाल के दिनों में युवती ने उससे दूरी बना ली थी। बताया जा रहा है कि युवक ने युवती को प्रपोज किया था, पर जब उसने इंकार कर दिया, तो वह नाराज होकर बदले की नीयत से आया था।

आंखोंदेखे गवाहों ने बताया कि युवती सुबह रोज की तरह डूंडाहेड़ा स्थित किराए के मकान से ऑफिस जा रही थी, तभी आरोपी विपिन वहां पहुंचा और अचानक पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली युवती के कंधे में लगी और वह वहीं गिर पड़ी। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में भर्ती युवती ने बताया कि वह सुबह जूते पहन रही थी, तभी उसने देखा कि विपिन सीढ़ियों पर बैठा उसका इंतजार कर रहा था। उसने कहा कि “मैं उसे जानती हूं, लेकिन ज्यादा नहीं। वह मुझे अंदर चलने के लिए कह रहा था। जब मैंने मना किया, तो उसने बंदूक निकाल ली और धमकाने लगा कि अंदर नहीं गई तो गोली मार दूंगा।” युवती ने बताया कि उसने इंकार किया, जिसके बाद विपिन ने गोली चला दी

डॉक्टरों ने बताया कि युवती के शरीर से काफी खून बह गया, लेकिन अब उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

उद्योग विहार थाना पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि आरोपी को तुरंत अरेस्ट कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला है कि युवक ने प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर यह कदम उठाया। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और उसके मोबाइल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने हमले की योजना पहले से बनाई थी या नहीं