तीन दिन बाद सोना-चांदी में फ‍िर उछाल, जानें कितनी हो गई कीमत

सोने और चांदी की कीमतों में तीन दिन की गिरावट के बाद तेजी लौटी है। IBJA के अनुसार सोना 954 और चांदी 5656 रुपए महंगी हुई है।

तीन दिन बाद सोना-चांदी में फ‍िर उछाल, जानें कितनी हो गई कीमत
  • तीन दिन की गिरावट के बाद सोना-चांदी में जोरदार तेजी
  • सोना 954 और चांदी 5656 रुपए उछली
  • 2025 में सोना 75% और चांदी 167% महंगी


नई दिल्ली। सोने और चांदी के दामों में लगातार तीन दिन की गिरावट के बाद आज 2 जनवरी को एक बार फिर तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोना आज 954 रुपए की बढ़त के साथ 1,34,415 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले यह 1,33,461 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

वहीं चांदी की कीमतों में भी बड़ा उछाल दर्ज किया गया। एक किलो चांदी आज 5,656 रुपए महंगी होकर 2,34,906 रुपए प्रति किलो हो गई। कल इसका भाव 2,29,250 रुपए प्रति किलो था।

इससे पहले 29 दिसंबर 2025 को सोना और चांदी दोनों ने ऑल टाइम हाई छुआ था। उस दिन सोना 1,38,161 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,43,483 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई थी, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।

IBJA द्वारा जारी रेट्स में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होते। इसी वजह से अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी के दाम अलग नजर आते हैं। इन्हीं रेट्स के आधार पर RBI सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड और कई बैंक गोल्ड लोन के रेट तय करते हैं।

साल 2025 निवेशकों के लिए सोना-चांदी दोनों के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। पूरे साल में सोना 57,033 रुपए यानी 75% महंगा हुआ। 31 दिसंबर 2024 को सोना 76,162 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो 31 दिसंबर 2025 को बढ़कर 1,33,195 रुपए हो गया।

इसी अवधि में चांदी की कीमत 1,44,403 रुपए यानी 167% तक उछली। वर्ष 2024 के अंत में चांदी 86,017 रुपए प्रति किलो थी, जो 2025 के आखिरी दिन 2,30,420 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई।

विशेषज्ञों के अनुसार डॉलर की कमजोरी, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और रिजर्व बैंकों की भारी खरीदारी से सोने में लगातार मजबूती बनी हुई है। वहीं सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और ईवी सेक्टर में बढ़ती मांग, अमेरिकी टैरिफ का डर और मैन्युफैक्चरर्स की स्टॉक होड़ से चांदी में तेजी जारी है।

केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक चांदी की मांग अभी और बढ़ सकती है। ऐसे में इस साल चांदी 2.75 लाख रुपए प्रति किलो तक जा सकती है। वहीं सोना भी साल के अंत तक 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच सकता है।