हिसार में नामी चिकित्सक के ठिकानों पर GST की दबिश: डॉ. उमेश कालड़ा के घर व दो अस्पतालों में एक साथ छापेमारी
GST Raid Hisar, Dr Umesh Kalda, Hisar Hospital Raid, Sarvesh Hospital, Sarvodaya Hospital, Financial Investigation
■ सेक्टर-13 स्थित आवास, सर्वेश और सर्वोदय अस्पताल में एक साथ कार्रवाई
■ करोड़ों के संभावित लेन-देन की सूचना पर विभाग सक्रिय
■ सुबह से जांच जारी, परिसर से बाहर जाने पर रोक
हरियाणा के हिसार में बुधवार तड़के उस समय हलचल मच गई, जब जीएसटी विभाग की टीमें शहर के जाने-माने चिकित्सक डॉ. उमेश कालड़ा के ठिकानों पर एक साथ पहुंचीं। विभाग ने सेक्टर-13 स्थित उनके आवास के अलावा सर्वेश अस्पताल और सर्वोदय अस्पताल में समांतर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की।
सूत्रों के अनुसार, विभाग को इनपुट मिला था कि डॉक्टर बड़े स्तर पर करोड़ों रुपये के लेन-देन की प्रक्रिया में थे। बताया जा रहा है कि जीएसटी अधिकारी पिछले कुछ समय से उनके वित्तीय खातों और कारोबारी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। इसी क्रम में सुबह अचानक टीमों ने दबिश दी और दस्तावेजों, बिलिंग रिकॉर्ड, अकाउंट बुक्स तथा इलेक्ट्रॉनिक डेटा की जांच शुरू कर दी।
चर्चा यह भी है कि सर्वोदय अस्पताल की संभावित बिक्री को लेकर रजिस्ट्री की तैयारी चल रही थी। हालांकि आवश्यक एनओसी न मिलने के कारण प्रक्रिया में देरी हो रही थी। जांच एजेंसियां इस पूरे वित्तीय लेन-देन की प्रकृति और कर अनुपालन की स्थिति को खंगाल रही हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि डॉक्टर ने नेशनल हाईवे पर एक प्रोजेक्ट में निवेश किया था, जिसके चलते वे विभाग की रडार पर आए। हालांकि आधिकारिक तौर पर विभाग ने अभी तक विस्तृत बयान जारी नहीं किया है।
सुबह से जारी कार्रवाई के दौरान परिसर में मौजूद किसी भी व्यक्ति को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। शहर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
फिलहाल जीएसटी विभाग की टीम रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है। कार्रवाई कब तक चलेगी और क्या कोई बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आएगी, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।
Akhil Mahajan