25 साल बाद फिर लौट रहा है हैरी पॉटर का जादू, 27 अगस्त से री-रिलीज होगी हैरी पॉटर सीरीज
हैरी पॉटर सीरीज की 25वीं वर्षगांठ पर सभी आठ फिल्में 27 अगस्त से 3 सितंबर तक भारत समेत दुनियाभर के सिनेमाघरों में फिर रिलीज होंगी। टिकट 31 जुलाई से उपलब्ध होंगे।
- 25वीं वर्षगांठ पर हैरी पॉटर की सभी आठ फिल्में फिर सिनेमाघरों में रिलीज होंगी
- 27 अगस्त से 3 सितंबर तक दुनियाभर के सिनेमाघरों में दर्शक बड़े पर्दे पर फिल्मों का आनंद ले सकेंगे
- 31 जुलाई से टिकटों की बुकिंग शुरू होगी और भारत समेत कई देशों में फिल्में रिलीज होंगी
हैरी पॉटर सीरीज के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। एक पूरी पीढ़ी को जादुई दुनिया से जोड़ने वाली यह लोकप्रिय फिल्म फ्रेंचाइजी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है। पहली फिल्म के रिलीज होने के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर निर्माताओं ने सीरीज की सभी आठ फिल्मों को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया है।
हैरी पॉटर सीरीज की पहली फिल्म वर्ष 2001 में रिलीज हुई थी। इसके बाद सात और फिल्मों ने दर्शकों का मनोरंजन किया। अब सिल्वर जुबली वर्ष को यादगार बनाने के लिए सभी आठ फिल्मों को एक साथ दोबारा सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा। इससे पुराने दर्शकों को यादें ताजा करने का मौका मिलेगा, जबकि नई पीढ़ी भी इन फिल्मों का बड़े पर्दे पर अनुभव कर सकेगी।
निर्माताओं के अनुसार 27 अगस्त से 3 सितंबर तक दुनियाभर के सिनेमाघरों में हैरी पॉटर की सभी आठ फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। लंबे समय बाद दर्शकों को फिर से जादुई दुनिया, हॉगवर्ट्स और अपने पसंदीदा किरदारों को बड़े पर्दे पर देखने का अवसर मिलेगा।
हैरी पॉटर के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस री-रिलीज की घोषणा की गई है। पोस्ट के अनुसार फिल्मों के टिकट 31 जुलाई से उपलब्ध होंगे। भारत, अमेरिका, कनाडा समेत कई देशों में यह विशेष री-रिलीज आयोजित की जाएगी।
फिल्मों की री-रिलीज की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों का उत्साह देखने को मिल रहा है। कई यूजर्स ने लिखा कि वे एक बार फिर हॉगवर्ट्स की जादुई दुनिया में लौटने के लिए तैयार हैं। वहीं, कई लोगों ने इसे अपनी पुरानी यादों को फिर से जीने का सुनहरा अवसर बताया।
गौरतलब है कि हैरी पॉटर फिल्म श्रृंखला प्रसिद्ध लेखिका जे.के. रोलिंग के लोकप्रिय उपन्यासों पर आधारित है। रिलीज के बाद इस फ्रेंचाइजी ने दुनियाभर में करोड़ों दर्शकों का दिल जीता और आज भी इसकी लोकप्रियता बरकरार है।
pooja