हरियाणा के 23 खिलाड़ी बने सीनियर-जूनियर कोच: खेल मंत्री गौरव गौतम ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 2036 ओलंपिक में 36 मेडल जीतने का रखा लक्ष्य
हरियाणा सरकार ने 23 खिलाड़ियों को सीनियर और जूनियर कोच नियुक्त किया। खेल मंत्री गौरव गौतम ने 2036 ओलंपिक में 36 मेडल जीतने का लक्ष्य दोहराया।
- हरियाणा सरकार ने 23 खिलाड़ियों को सीनियर और जूनियर कोच नियुक्त किया
- खेल मंत्री गौरव गौतम ने 2036 ओलंपिक में 36 मेडल जीतने का लक्ष्य बताया
- पिछले एक महीने में 33 खिलाड़ियों को मिली कोच की सरकारी नौकरी
हरियाणा सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां देने की अपनी खेल नीति के तहत गुरुवार को 23 खिलाड़ियों को सीनियर और जूनियर कोच के रूप में नियुक्त किया। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में आयोजित कार्यक्रम में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने तीन सीनियर और 20 जूनियर प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा का लक्ष्य 2036 ओलंपिक में 36 मेडल जीतने का है। इस लक्ष्य को हासिल करने में नव नियुक्त कोचों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी जहां देश और प्रदेश के लिए मेडल जीतते हैं, वहीं कोच भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार कर खेलों की मजबूत नींव रखते हैं।
गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की पहचान केवल खिलाड़ियों से नहीं, बल्कि उसकी मजबूत खेल संस्कृति से भी है। प्रदेश के गांवों और कस्बों से निकलकर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। अब नियुक्त किए गए प्रशिक्षकों की जिम्मेदारी होगी कि वे जमीनी स्तर पर नई प्रतिभाओं को खोजें और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करें।
उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को सिर्फ पदक जीतने पर सम्मानित नहीं करती, बल्कि उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का भी कार्य कर रही है। इसी सोच के तहत खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा रही हैं, ताकि वे भविष्य की चिंता से मुक्त होकर खेल और प्रशिक्षण पर पूरा ध्यान दे सकें।
खेल मंत्री ने बताया कि पिछले एक महीने के दौरान खेल विभाग 33 खिलाड़ियों को कोच की नौकरी दे चुका है। सरकार की खेल नीति के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में विशेष अवसर दिए जा रहे हैं। इससे खिलाड़ियों को सम्मानजनक भविष्य मिलने के साथ-साथ खेल क्षेत्र को अनुभवी प्रशिक्षक भी मिल रहे हैं।
उन्होंने नव नियुक्त कोचों से आह्वान किया कि जिस अनुशासन, मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने खेलों में सफलता प्राप्त की है, उसी भावना के साथ नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी तैयार करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार लगातार खेल नर्सरियों, स्टेडियमों और आधुनिक खेल सुविधाओं को मजबूत कर रही है, ताकि प्रदेश खेलों में अपनी अग्रणी पहचान को और मजबूत कर सके।
कार्यक्रम में खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, अतिरिक्त निदेशक अश्वनी मलिक समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Akhil Mahajan