नीरज चोपड़ा का रिकॉर्ड टूटा, हरियाणा के हिमांशु ने रचा इतिहास
भुवनेश्वर में चल रही 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। झज्जर के हिमांशु जाखड़ ने नीरज चोपड़ा का 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ स्वर्ण पदक जीता।
• हरियाणा के खिलाड़ियों ने नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में चमक बिखेरी
• झज्जर के हिमांशु जाखड़ ने नीरज चोपड़ा का 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
• अंडर-16 और अंडर-20 इवेंट में देव, मीनाक्षी, रितिक और तमन्ना ने भी जीते पदक
ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में चल रही 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के तीसरे दिन एथलेटिक्स हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के तत्वावधान में आयोजित इस पांच दिवसीय चैंपियनशिप (10 से 14 अक्तूबर) में देशभर से करीब 2000 एथलीट भाग ले रहे हैं। हरियाणा से 145 एथलीटों का दल मैदान में उतरा है, जो लगातार पदक जीतकर राज्य का परचम लहरा रहा है।
हिमांशु जाखड़ ने नीरज चोपड़ा का रिकॉर्ड तोड़ा
झज्जर के 18 वर्षीय हिमांशु जाखड़ ने अंडर-18 लड़कों के जेवलिन थ्रो इवेंट में ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा का 11 साल पुराना चैंपियनशिप रिकॉर्ड तोड़ दिया। हिमांशु ने 80.38 मीटर की शानदार थ्रो के साथ नया मीट रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पहले यह रिकॉर्ड 76.50 मीटर का था, जो नीरज चोपड़ा ने 2014 में विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) में बनाया था।
इस इवेंट में मध्य प्रदेश के कृष्ण चंद्रा को रजत और तमिलनाडु के धरनीधरन टी को कांस्य पदक मिला।
हिमांशु की थ्रो वर्ल्ड अंडर-20 मानक (68.50 मीटर) से कहीं आगे है, जिससे वे 2026 वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप के लिए मजबूत दावेदार बन गए हैं।
हरियाणा के अन्य खिलाड़ियों ने भी चमक दिखाई
अंडर-16 लड़कों के शॉट पुट इवेंट में पानीपत के देव ने 16.66 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता।
रजत पंजाब के मंताज सिंह को और कांस्य बिहार के कौशल गिरी को मिला।
अंडर-16 लड़कियों के जेवलिन थ्रो में फतेहाबाद की मीनाक्षी ने 44.97 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
रजत दिल्ली की योगिता बैसला को और कांस्य सोनीपत की अनीषा सिंहमार को मिला, जिन्होंने 42.81 मीटर की थ्रो की।
डिस्कस थ्रो और लॉन्ग जंप में रजत-कांस्य से संतुष्टि
अंडर-20 लड़कों के डिस्कस थ्रो इवेंट में रोहतक के रितिक ने 55.19 मीटर की थ्रो के साथ रजत पदक जीता।
स्वर्ण हिमाचल प्रदेश के वैभव को और कांस्य राजस्थान के हंसराज धयाल को मिला।
अंडर-20 लड़कियों के लॉन्ग जंप इवेंट में फतेहाबाद की तमन्ना ने 5.96 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक जीता।
स्वर्ण लक्षद्वीप की मुबसिना मोहम्मद और रजत छत्तीसगढ़ की तरिंका टेटा को मिला।
Author1