हरियाणा में हादसे के बाद खेल सुविधाओं की सुरक्षा पर HOA अलर्ट, सभी जिलों में जांच की मांग
गुरुग्राम में बास्केटबॉल पोल गिरने की घटना के बाद हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन ने राज्यभर की खेल सुविधाओं की सुरक्षा जांच की मांग की है।
गुरुग्राम हादसे के बाद खेल सुविधाओं की सुरक्षा पर उठा बड़ा सवाल
■ HOA ने DC और रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज को भेजा पत्र
■ राज्यभर के खेल परिसरों की सुरक्षा जांच की मांग
पंचकूला। गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में बास्केटबॉल पोल गिरने से एक युवा खिलाड़ी के गंभीर रूप से घायल होने के बाद हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन (HOA) ने राज्यभर में खेल सुविधाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। एसोसिएशन ने इस घटना को गंभीर बताते हुए सभी खेल परिसरों और सोसायटी में बने खेल ढांचे की तत्काल जांच की मांग की है।
खिलाड़ी की रीढ़ में कई फ्रैक्चर
गुरुग्राम की अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी में अभ्यास के दौरान अचानक भारी बास्केटबॉल पोल गिर गया, जिससे एक युवा खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में खिलाड़ी की रीढ़ की हड्डी में कई फ्रैक्चर आए हैं, जबकि वहां मौजूद अन्य खिलाड़ी बाल-बाल बच गए।
एसोसिएशन का कहना है कि पोल की खराब स्थिति को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए।
DC गुरुग्राम और रजिस्ट्रार को भेजा पत्र
हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन ने गुरुग्राम के उपायुक्त (DC) और रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज को अलग-अलग पत्र भेजकर खेल सुविधाओं की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि सार्वजनिक खेल परिसरों, बास्केटबॉल कोर्ट और अन्य खेल उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जाए। जंग लगे और असुरक्षित उपकरणों को तुरंत हटाकर नए उपकरण लगाए जाएं।
रोहतक और बहादुरगढ़ की घटनाओं का भी जिक्र
एसोसिएशन ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले रोहतक और बहादुरगढ़ में भी खराब बास्केटबॉल पोल की वजह से खिलाड़ियों की जान जा चुकी है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि खेल ढांचे के नियमित निरीक्षण, रखरखाव और समय पर बदलाव की व्यवस्था बेहद जरूरी है।
सभी जिलों में फिजिकल इंस्पेक्शन की मांग
HOA ने मांग की है कि हरियाणा की सभी ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में मौजूद खेल सुविधाओं का जिला स्तर पर भौतिक सत्यापन (फिजिकल इंस्पेक्शन) कराया जाए। इसके साथ ही निरीक्षण रिपोर्ट हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन को भी उपलब्ध कराई जाए।
यह पत्र हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल और महासचिव कृष्ण लाल पंवार की ओर से जारी किया गया है।
pooja