हरियाणा बोर्ड 10वीं-12वीं के एडमिट कार्ड कल,25 से परीक्षाएं, 1421 केंद्र और 5.66 लाख विद्यार्थी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड 17 फरवरी से 10वीं और 12वीं के एडमिट कार्ड जारी करेगा। 25 फरवरी से परीक्षाएं शुरू होंगी। 1421 केंद्रों पर 5.66 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।
➤ 17 फरवरी से बोर्ड वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे प्रवेश-पत्र
➤ 25 फरवरी से 12वीं और 26 फरवरी से 10वीं की परीक्षा शुरू
➤ 1421 परीक्षा केंद्रों पर 5 लाख 66 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल
हरियाणा में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 10वीं (सेकेंडरी) और 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) की वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च 2026 के लिए प्रवेश-पत्र 17 फरवरी से जारी करने की घोषणा की है। नियमित और स्वयंपाठी दोनों श्रेणी के विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकेंगे।
परीक्षा तिथियां और केंद्र
बोर्ड के अनुसार 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 25 फरवरी से और 10वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी से शुरू होंगी। पूरे प्रदेश में 1421 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार करीब 5 लाख 66 हजार 400 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि सभी विद्यालय मुखिया बोर्ड वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपने यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर विद्यार्थियों के प्रवेश-पत्र डाउनलोड करेंगे और ए-4 साइज पेपर पर रंगीन प्रिंट आउट उपलब्ध कराएंगे।
त्रुटि हो तो तुरंत सुधार
यदि किसी परीक्षार्थी के प्रवेश-पत्र में नाम, जन्मतिथि या अन्य विवरण में त्रुटि पाई जाती है तो संबंधित दस्तावेज और निर्धारित शुल्क के साथ बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर सुधार करवाया जा सकता है। विद्यार्थियों को प्रवेश-पत्र पर अंकित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
स्वयंपाठी परीक्षार्थी, जिनकी कंपार्टमेंट (E.I.O.P.), अतिरिक्त विषय, पूर्ण विषय अंक सुधार या आंशिक अंक सुधार की परीक्षा है, वे वेबसाइट पर दिए गए लिंक से पिछला अनुक्रमांक, नाम, पिता और माता का नाम दर्ज कर अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रबंध
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए लेखक (स्क्राइब) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। परीक्षा केंद्र अधीक्षक मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रमाणित दिव्यांग प्रमाण-पत्र की जांच के बाद परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले लेखक उपलब्ध कराएंगे। आवश्यकता होने पर बोर्ड कार्यालय भी परीक्षा से एक दिन पूर्व लेखक की व्यवस्था करेगा।
हेल्पलाइन जारी
किसी भी समस्या के समाधान के लिए बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर 01664-254309 जारी किया है। इसके अलावा सेकेंडरी शाखा की ई-मेल assec@bseh.org.in तथा सीनियर सेकेंडरी शाखा की ई-मेल assrs@bseh.org.in और adhos@bseh.org.in पर संपर्क किया जा सकता है।
बोर्ड प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लें और परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।
Akhil Mahajan