1000 रुपए फीस के साथ भरें हरियाणा बोर्ड कंपार्टमेंट फॉर्म, जानें कब से शुरू हो रहे आवेदन
हरियाणा बोर्ड की कंपार्टमेंट, EIOP और अतिरिक्त श्रेणी परीक्षा 2026 के लिए 20 मई से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। विद्यार्थी 11 जून तक लेट फीस के साथ फॉर्म भर सकेंगे।
हरियाणा बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षा के आवेदन 20 मई से शुरू होंगे
बिना लेट फीस के 28 मई तक भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म
11 जून के बाद किसी आवेदन पर नहीं होगा विचार
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा सीनियर सेकेंडरी और सेकेंडरी परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित किए जाने के बाद अब बोर्ड ने कंपार्टमेंट, EIOP (Eligible for Improvement of Performance) और अतिरिक्त श्रेणी परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जुलाई-2026 में आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं के लिए विद्यार्थी 20 मई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से पूरी की जाएगी।
बोर्ड के अनुसार, सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) परीक्षा जुलाई-2026 के लिए विद्यार्थी 1000 रुपए परीक्षा शुल्क के साथ बिना किसी विलंब शुल्क के 20 मई से 28 मई तक आवेदन कर सकेंगे।
इसके बाद लेट फीस के साथ भी आवेदन का मौका दिया जाएगा। बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, विद्यार्थी 29 मई से 2 जून तक 100 रुपए विलंब शुल्क, 3 जून से 7 जून तक 300 रुपए विलंब शुल्क और 8 जून से 11 जून तक 1000 रुपए विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में विद्यार्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आती है तो वह बोर्ड द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 या ई-मेल assec@bseh.org.in और assrs@bseh.org.in के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकता है।
हरियाणा बोर्ड की ओर से यह भी कहा गया है कि सभी विद्यार्थी आवेदन से पहले वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें ताकि आवेदन में किसी प्रकार की गलती न हो।
Akhil Mahajan