दिवाली से पहले मिलेगा प्रभावित किसानों को फसलों का मुआवजा, एक-एक पैसा देगी सरकार : सीएम

हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने बाढ़ प्रभावितों को 4.72 करोड़ का मुआवजा देने, किसानों के बिजली बिल और फसली ऋण स्थगित करने, धान-बाजरा खरीद और लाडो लक्ष्मी योजना में महिलाओं को राहत देने की बड़ी घोषणाएं कीं।

दिवाली से पहले मिलेगा प्रभावित किसानों को फसलों का मुआवजा, एक-एक पैसा देगी सरकार : सीएम

➤ हरियाणा में बाढ़ व जलभराव से प्रभावित 2386 लोगों को 4.72 करोड़ का मुआवजा
➤ किसानों को राहत – ट्यूबवेल बिजली बिल और फसली ऋण की वसूली स्थगित
➤ धान-बाजरा खरीद पर विशेष व्यवस्था, महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना में रिकॉर्ड पंजीकरण


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता कर प्रदेशवासियों को बड़ी राहत की घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि बारिश और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जा रहा है। अब तक 2386 प्रभावित लोगों को मुआवजे के रूप में 4 करोड़ 72 लाख 6 हजार रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई है। इनमें से 2371 मकानों के नुकसान के लिए 4 करोड़ 67 लाख 75 हजार रुपए और 13 पशुओं के नुकसान का मुआवजा शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ई-मुआवजा पोर्टल गत 15 सितंबर तक खोला था, जिस पर 6397 गांवों के 5.37 लाख किसानों ने अपनी फसल का पंजीकरण करवाया। कुल 31 लाख एकड़ क्षेत्र दर्ज किया गया। जिन इलाकों में पानी भर गया और फसल खराब हुई है, वहां किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपए तक का मुआवजा दिया जाएगा।

किसानों को राहत : बिजली बिल और ऋण वसूली स्थगित

सीएम सैनी ने कहा कि ट्यूबवेल बिजली बिलों का भुगतान दिसंबर, 2025 तक स्थगित कर दिया गया है। जो बिल जुलाई, 2025 तक जमा करने थे, अब वे जनवरी, 2026 से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के भरे जाएंगे। इस निर्णय से 7.10 लाख किसानों को तुरंत वित्तीय राहत मिलेगी।

इसके साथ ही, उन्होंने फसली ऋण वसूली स्थगित करने का ऐलान भी किया। उन गांवों के किसानों को यह राहत मिलेगी जहां 50 प्रतिशत से ज्यादा फसलें खराब हुईं और प्रभावित किसानों का नुकसान 33 प्रतिशत या उससे अधिक रहा। इन किसानों से खरीफ की फसल के ऋण की वसूली स्थगित रहेगी और उन्हें रबी फसल के लिए भी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इस निर्णय से करीब 3 लाख किसान राहत पाएंगे।

धान-बाजरा की खरीद और MSP

मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 सितंबर तक प्रदेश की मंडियों में 5 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है, जिसमें से 3.58 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। किसानों के खातों में 109 करोड़ रुपए डाल दिए गए हैं। बाजरे की खरीद 23 सितंबर से शुरू हुई है। अब तक संस्थाओं ने 187.30 मीट्रिक टन बाजरा और व्यापारियों ने 4970 मीट्रिक टन खरीदा है।

सरकार ने सुनिश्चित किया है कि किसानों को बाजरे का MSP 2775 रुपए प्रति क्विंटल मिले। यदि किसी कारण बाजरा कम कीमत पर बेचना पड़े तो सरकार भावांतर योजना के तहत अंतर की भरपाई करेगी।

पंचायती राज संस्थाओं के लिए बड़ी सौगात

सीएम सैनी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को राज्य वित्त आयोग की दूसरी किस्त के रूप में 404 करोड़ 79 लाख रुपए जारी किए गए हैं। यह राशि 5719 पंचायतों, 144 पंचायत समितियों और 3 जिला परिषदों को विकास कार्यों के लिए दी गई है। बीते चार वर्षों में पंचायती राज संस्थाओं को 3700 करोड़ रुपए की राशि मिल चुकी है।

लाडो लक्ष्मी योजना में महिलाओं की भारी भागीदारी

सीएम ने कहा कि 25 सितंबर को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की गई थी और इसके लिए लाडो लक्ष्मी ऐप भी लॉन्च किया गया। सिर्फ छह दिनों में 1 लाख 71 हजार 946 बहन-बेटियों ने पंजीकरण कराया है। पहली किस्त की राशि 1 नवम्बर को सीधे महिलाओं के बैंक खातों में डाली जाएगी। इसके लिए एक टोल-फ्री नंबर 18001802231 और हेल्पलाइन नंबर 01724880500 भी जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर वोट लेना जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिलाओं और किसानों के साथ झूठे वादे किए हैं।