हरियाणों में दो युवकों की हत्या, हिसार ने चार बदमाशों ने दिनदहाड़े कत्ल को दिया अंजाम, समालखा के युवक का भी मर्डर
हरियाणा के हिसार और पानीपत जिले के समालखा में दो युवकों की हत्या से सनसनी फैल गई है। हिसार में बदमाशों ने युवक को 14 बार चाकू से गोदा, जबकि समालखा में युवक का शव रेलवे लाइन किनारे मिला। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
➤ हिसार में युवक को 14 बार चाकू से गोदा, समालखा में युवक का शव रेलवे लाइन किनारे मिला
➤ पुलिस ने दोनों मामलों में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की
हरियाणा में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। हिसार और पानीपत जिले के समालखा में हुई दो अलग-अलग वारदातों ने इलाके को दहला दिया है। दोनों ही मामलों में युवकों की बेरहमी से हत्या की गई।
पहली घटना हिसार की है, जहां 20 वर्षीय रानू सैनी की दिनदहाड़े चार बदमाशों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। सब्जी मंडी पुल के पास किरयाणा की दुकान पर काम करने वाले रानू पर हमलावरों ने 14 वार किए और बाइक पर फरार हो गए। स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में है और इलाके की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
दूसरी घटना समालखा (पानीपत) की है। यहां नेस्ले फैक्ट्री के पास रेलवे लाइन के नीचे झाड़ियों में 26 वर्षीय युवक गगन का खून से लथपथ शव मिला। उसके पास से मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। मृतक की पत्नी के अनुसार, रात को उसके पति को किसी दोस्त का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकला और देर रात उसका फोन बंद हो गया। सुबह पुलिस ने परिवार को शव मिलने की सूचना दी।
जीआरपी समालखा के सब इंस्पेक्टर धर्मवीर ने बताया कि गगन के सिर पर गहरी चोट के निशान थे। ऐसे में यह मामला ट्रेन हादसा नहीं बल्कि हत्या का लग रहा है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आसपास के होटल व फैक्ट्रियों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दोनों वारदातों से हरियाणा में बढ़ते अपराध पर सवाल उठने लगे हैं। लगातार सामने आ रही हत्याओं ने आम लोगों में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
Akhil Mahajan