हरियाणा राज्यसभा चुनाव में काउंटिंग से पहले विवाद, तीन वोटों पर अटका फैसला तीन वोटों की सीक्रेसी पर बवाल, राज्यसभा चुनाव में बढ़ा सस्पेंस

haryana-rajya-sabha-election-counting-delay-vote-secrecy-dispute

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में काउंटिंग से पहले विवाद, तीन वोटों पर अटका फैसला  तीन वोटों की सीक्रेसी पर बवाल, राज्यसभा चुनाव में बढ़ा सस्पेंस

तीन वोटों की सीक्रेसी को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने दर्ज कराई आपत्ति
शाम 5 बजे शुरू होनी थी काउंटिंग, डेढ़ घंटे बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं
कांग्रेस विधायक बोले- जो क्रॉस वोट हुए, वह हुड्डा साहब को पता


हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए सोमवार को चंडीगढ़ स्थित विधानसभा के कमेटी रूम में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गई, लेकिन मतगणना शुरू होने से पहले ही तीन वोटों की सीक्रेसी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 5 बजे से काउंटिंग शुरू होनी थी, मगर डेढ़ घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद वोटों की गिनती शुरू नहीं हो सकी। इससे चुनावी माहौल में सस्पेंस और बढ़ गया है।

दरअसल, तीन विधायकों के वोट की सीक्रेसी लीक होने की शिकायत सामने आई है। भाजपा ने ऐलनाबाद से विधायक भरत सिंह बेनीवाल और टोहाना से विधायक परमवीर सिंह के वोट की सीक्रेसी लीक होने की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं कांग्रेस ने हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज के वोट की सीक्रेसी लीक होने का आरोप लगाया है। इन आपत्तियों के कारण चुनाव अधिकारी ने मामला चुनाव आयोग को भेज दिया है। आयोग के निर्णय के बाद ही मतगणना प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने बताया कि चुनाव अधिकारी ने सभी ऑब्जेक्शन चुनाव आयोग को भेज दिए हैं। आयोग द्वारा इन पर फैसला आने के बाद ही वोटों की गिनती शुरू होगी। उन्होंने कहा कि अभी प्रक्रिया रोक दी गई है और सभी पक्षों की आपत्तियों का परीक्षण किया जा रहा है।

इस बीच कांग्रेस के बादली से विधायक कुलदीप वत्स ने क्रॉस वोटिंग को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जो क्रॉस वोट हुए हैं, उनकी जानकारी नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और माना जा रहा है कि क्रॉस वोटिंग का असर चुनाव परिणाम पर पड़ सकता है।

हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं, जिनमें से 88 विधायकों ने मतदान किया। इंडियन नेशनल लोकदल के दोनों विधायक अर्जुन चौटाला और आदित्य देवीलाल वोटिंग से दूर रहे। 88 वोट पड़ने के बाद जीत के लिए कोटा 30 वोट तय किया गया है। मौजूदा गणित के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध और भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया मजबूत स्थिति में बताए जा रहे हैं। हालांकि यदि किसी का वोट रद्द होता है या क्रॉस वोटिंग सामने आती है तो परिणाम में उलटफेर की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।