हरियाण में दो हादसे: परिवार के साथ ईद मनाने जा रही युवती समेत तीन की मौत

हरियाणा में बहादुरगढ़ और पानीपत में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई। एक हादसे में ट्रक-ट्राले की टक्कर और दूसरे में ईको वैन में आग लगने से युवती की मौत हुई।

हरियाण में दो हादसे: परिवार के साथ ईद मनाने जा रही युवती समेत तीन की मौत

बहादुरगढ़ एक्सप्रेसवे हादसे में 2 की मौत, तेज रफ्तार ट्रक ट्राले में घुसा
पानीपत में भीषण हादसा, ईको वैन में आग लगने से युवती जिंदा जली
दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में कई घायल, पुलिस ने शुरू की जांच



हरियाणा में दो अलग-अलग हादसों में ईद पर जा रही युवती समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। एक हादसा झज्जर जिले के बहादुरगढ़ क्षेत्र में दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्राले में जा घुसा। यह हादसा रात करीब 1 बजे निलोठी गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। केबिन में मौजूद ड्राइवर और उसके साथी की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर केबिन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। दोनों मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

दुर्घटनाग्रस्त ट्राला।

एक अन्‍य  हादसा पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में जीटी रोड पर उत्सव गार्डन के सामने हुआ, जहां एक ईको वैन में आग लगने से एक युवती की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर की ईको वैन में करीब 11 मजदूर सवार थे, जो पानीपत की एक फैक्ट्री से छुट्टी लेकर ईद मनाने बरेली जा रहे थे।

समालखा में जीटी रोड पर आग से बुरी तरह जली ईको वैन।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जीटी रोड पर पहले से खड़ी एक कार के कारण वाहन धीमे हो गए थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ईको वैन ने टक्कर मार दी और तभी सामने से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस ईको को घसीटते हुए आगे ले गई, जिससे वैन में लगा सीएनजी सिलेंडर फट गया और उसमें भीषण आग लग गई।

हादसे के दौरान कुछ यात्री समय रहते बाहर निकल गए, लेकिन एक युवती का पैर सीट में फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सकी और आग की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आग इतनी भयानक थी कि पूरी वैन जलकर राख हो गई और बस के केबिन तक लपटें पहुंच गईं। दोनों हादसों के बाद पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दोनों मामलों में जांच जारी है। इन घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।