हरियाणवी सिंगरों के 67 गाने होंगे बैन , मासूम शर्मा के सबसे ज्यादा 19 गाने पुलिस की लिस्ट में
हरियाणा पुलिस ने हिंसा और गैंगस्टर महिमामंडन वाले 29 हरियाणवी सिंगरों के 67 गानों को आपत्तिजनक मानते हुए बैन करने की तैयारी की है।
➤हरियाणवी सिंगरों के 67 गाने बैन करने की तैयारी
➤सबसे ज्यादा 19 गाने मासूम शर्मा के, 29 सिंगर राडार पर
➤गैंगस्टर और हिंसा के महिमामंडन पर पुलिस सख्त
हरियाणा में गुंडागर्दी और अराजकता को बढ़ावा देने वाले हरियाणवी गानों पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। हरियाणा पुलिस ने 29 गायकों के कुल 67 गानों को आपत्तिजनक करार देते हुए बैन करने की तैयारी कर ली है। पुलिस का कहना है कि इन गानों में हथियारों, गैंगस्टरों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दृश्यों का महिमामंडन किया गया है।
सबसे ज्यादा 19 गाने सिंगर मासूम शर्मा के हैं। इसके अलावा नरेंद्र भगाना और अमित सैनी रोहतकिया के छह-छह गाने, आशु ट्विंकल के आठ, और मनीषा शर्मा के सात गाने सूची में शामिल हैं। अन्य सिंगरों में अंकित बालियान, गजेंद्र फोगाट, सुमित पारता, हर्ष संधू, ढांडा न्योलीवाला समेत कई नाम हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन गानों को सार्वजनिक कार्यक्रमों, डीजे, समारोहों और कॉन्सर्ट में बजाने पर रोक होगी। यदि कोई सिंगर खुद इन गानों को मंच पर गाता पाया गया, तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
हरियाणा एसटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक सतीश बालन ने बताया कि यह कदम युवाओं पर डिजिटल कंटेंट के गलत प्रभाव को देखते हुए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे गाने समाज में डर, असुरक्षा और अपराध की प्रवृत्ति को बढ़ाते हैं।
DGP अजय सिंघल ने कहा कि राज्य को विदेशों से संचालित गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क से खतरा है। ये गाने ऐसे तत्वों को महिमामंडित करते हैं, जिससे युवाओं में गलत संदेश जाता है। इसी कारण 67 गानों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की गई है।
Akhil Mahajan