जिन दबंगों ने स्‍कार्पियो में पुलिसवाले को लटकाया, उसी के आगे करनी पड़ी उठक बैठक

हिसार में डायल-112 पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ। स्कॉर्पियो चालक ने पुलिसकर्मी को पायदान पर लटकाकर 2 किलोमीटर तक घसीटा। दो आरोपी गिरफ्तार, गाड़ी बरामद।

जिन दबंगों ने स्‍कार्पियो में पुलिसवाले को लटकाया, उसी के आगे करनी पड़ी उठक बैठक

• डायल-112 पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सरकारी ड्यूटी में डाली गई बाधा
• स्कॉर्पियो के पायदान पर 2 किलोमीटर तक लटका रहा पुलिसकर्मी
• दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद



हरियाणा में पुलिस वाले को स्‍पार्पियों में लटकाने वालों युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया है। उनके उठक बैठक करवाई और पुलिस ने मामला दर्ज किया। बता दें कि हिसार शहर में डायल-112 पुलिस टीम पर जानलेवा हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना 14 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे थाना सिविल लाइन हिसार क्षेत्र में हुई, जब डायल-112 की सरकारी गाड़ी पर तैनात पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी।

पुलिस टीम जब फव्वारा चौक, हिसार पहुंची, तो वहां एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर ML-11A-7700) सड़क के बीचों-बीच खड़ी मिली। गाड़ी के आसपास और छत पर बैठे कुछ युवक शराब के नशे में उत्पात मचा रहे थे और वीडियो बना रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था।

पुलिस द्वारा समझाने और छत पर बैठे युवकों को नीचे उतरने के निर्देश दिए गए, लेकिन इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक ने अचानक गाड़ी तेज़ी से दौड़ा दी। इस दौरान पुलिस टीम का एक जवान गाड़ी के पायदान पर लटका रह गया और करीब 2 किलोमीटर तक जान जोखिम में डालकर चलता रहा।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गवर्नमेंट कॉलेज रोड के पास स्कॉर्पियो को रोका और आरोपियों की पहचान की। मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग और घायल पुलिसकर्मी की शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन हिसार में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, त्वरित कार्रवाई करते हुए समीर पुत्र शमशेर और मनीष पुत्र कृष्ण, दोनों निवासी रालवास, को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी को भी बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।