हिसार में 14 फरवरी से देश की सबसे बड़ी ‘कृषि दर्शन एक्सपो’, आधुनिक खेती की दिखेगी पूरी झलक
हिसार में 14 से 16 फरवरी तक कृषि दर्शन एक्सपो का आयोजन होगा। ड्रोन, सोलर एनर्जी, पराली प्रबंधन, उन्नत बीज और आधुनिक कृषि यंत्रों की लाइव जानकारी किसानों को मिलेगी।
➤ 14 से 16 फरवरी तक हिसार KTT (ट्रैक्टर ट्रेनिंग सेंटर) में तीन दिवसीय कृषि दर्शन एक्सपो
➤ ड्रोन, सोलर एनर्जी, ग्रीनहाउस, पराली प्रबंधन व उन्नत बीजों की लाइव डेमो
➤ छोटे किसानों के लिए विशेष कृषि यंत्र, लकी ड्रॉ और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
हरियाणा के हिसार में 14 फरवरी से देश की सबसे बड़ी ‘कृषि दर्शन एक्सपो’ का आयोजन होने जा रहा है, जहां आधुनिक खेती की पूरी तस्वीर एक ही मंच पर देखने को मिलेगी। उत्तरी क्षेत्र कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान , जिसे आमतौर पर ट्रैक्टर ट्रेनिंग सेंटर (TTC) कहा जाता है, के प्रांगण में यह तीन दिवसीय मेगा एक्सपो 14 से 16 फरवरी तक चलेगा।
एक्सपो के निदेशक डॉ. मुकेश जैन ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी किसानों को खेती से जुड़े हर पहलू की जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले वर्ष करीब डेढ़ लाख किसानों ने इस मेले का दौरा किया था और नई तकनीक अपनाकर अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाई थी। इस बार भी बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है।
पराली प्रबंधन और ड्रोन टेक्नोलॉजी पर खास फोकस
इस बार एक्सपो का मुख्य फोकस पराली प्रबंधन पर रहेगा। किसानों को बताया जाएगा कि बिना खेतों में आग लगाए पराली का प्रबंधन कैसे किया जा सकता है और इसके लिए कौन-कौन सी आधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं। इसके अलावा ड्रोन टेक्नोलॉजी, माइक्रो इरिगेशन, ड्रिप सिस्टम और ग्रीनहाउस तकनीक का लाइव डेमो भी दिया जाएगा। एक एकड़ क्षेत्र में मशीनें चलाकर किसानों को वास्तविक प्रयोग दिखाया जाएगा।
सोलर एनर्जी से लेकर घर निर्माण तक जानकारी
पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर एनर्जी का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। एक्सपो में सोलर पैनल, सोलर पंप और अन्य ऊर्जा समाधान से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही पशुपालन, बीज, खाद, दवाइयां, मछली पालन, ऑर्गेनिक खेती, प्राकृतिक खेती और यहां तक कि किसान के घर निर्माण से जुड़ी सामग्री जैसे सीमेंट, ईंट, दरवाजे और छत निर्माण की तकनीक भी प्रदर्शित की जाएगी।
छोटे किसानों के लिए खास इंतजाम
डॉ. मुकेश जैन ने बताया कि 85 प्रतिशत से अधिक किसान छोटे जोत वाले हैं, जिनके पास ढाई एकड़ से कम जमीन है। ऐसे किसानों के लिए छोटे ट्रैक्टर, पावर टिलर, पावर वीडर, छोटे पंप और बिजली से चलने वाले कृषि यंत्रों का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि वे कम लागत में खेती को लाभकारी बना सकें।
इंटीग्रेटेड फार्मिंग और ऑर्गेनिक खेती के मॉडल
एक्सपो में एकीकृत खेती (Integrated Farming System) के मॉडल भी दिखाए जाएंगे, जिसमें खेती के साथ मछली पालन, पशुपालन, सब्जी, फल और अनाज उत्पादन को जोड़ा जाएगा। साथ ही ऑर्गेनिक और प्राकृतिक खेती के सफल मॉडल भी किसानों के सामने रखे जाएंगे।
15 फरवरी को मंत्री करेंगे शिरकत, लकी ड्रॉ भी
15 फरवरी को केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी और हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के मेले में पहुंचने की संभावना है। इसी दिन किसान सम्मान समारोह और लकी ड्रॉ का आयोजन होगा। पहले से रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसानों को इनाम जीतने का मौका मिलेगा। इसके अलावा हास्य कवियों, लोक कलाकारों और डांस ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
Akhil Mahajan