हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, 15 अगस्त तक रहेगा असर
हरियाणा में आज रात से मानसून सक्रिय होगा। 15 अगस्त तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है। गुरुग्राम 37.1 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा।
आज रात से हरियाणा में मानसून फिर पकड़ेगा रफ्तार, कई इलाकों में बारिश का अलर्ट
➤ 15 अगस्त तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार
➤ गुरुग्राम सबसे गर्म, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी
हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। दिनभर तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार रात से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं, कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून टर्फ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा बीकानेर, सतना और डालटागंज से होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
उनके अनुसार, यह टर्फ आज उत्तर की ओर खिसक सकती है। इसके साथ ही राजस्थान के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण बनने की संभावना है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण हरियाणा में मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
मौसम में बदलाव के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। बादलों और बारिश के कारण दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। वहीं, रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
इससे पहले हिसार में शनिवार को अच्छी बारिश हुई थी। हालांकि, इसके बाद दोपहर के समय तेज धूप निकलने से उमस और गर्मी बढ़ गई। बुधवार को भी कई इलाकों में लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री की बढ़ोतरी।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम सबसे गर्म रहा।
गुरुग्राम स्थित नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी AWS में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप के कारण दिन के तापमान में यह बढ़ोतरी देखने को मिली।
प्रमुख शहरों की बात करें तो चंडीगढ़ में 36.4 डिग्री, अंबाला में 36.2 डिग्री, हिसार और रोहतक में 35.4 डिग्री तथा करनाल में 34.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
हालांकि, अब मौसम में बदलाव के साथ दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। बारिश और बादलों की मौजूदगी से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
रात के तापमान में मामूली गिरावट।
प्रदेश में रात का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई।
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
इसके अलावा चंडीगढ़ में रात का तापमान 24.4 डिग्री, पंचकूला में 24.8 डिग्री, भिवानी में 25.0 डिग्री और करनाल में 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
अंबाला, नारनौल और हिसार में न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियों के चलते रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से बदलाव वाले रहने की संभावना है।
pooja