सोनिया मर्डर केस में फरार पति पर 50 हजार का इनाम
हिसार के सोनिया मर्डर केस में फरार आरोपी पति सौरभ आनंद पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। आरोपी के दिल्ली या हरिद्वार में छिपे होने की आशंका है।
➤ हिसार में सोनिया मर्डर केस के आरोपी पति पर 50 हजार का इनाम
➤ दिल्ली या हरिद्वार में छिपे होने की आशंका, पुलिस तलाश में जुटी
➤ हिसार ऑटो मार्केट में व्यापारियों ने काले बैनर लगाकर किया प्रदर्शन
हरियाणा के हिसार में चर्चित सोनिया मर्डर केस में फरार चल रहे आरोपी पति सौरभ आनंद पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। हिसार पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी या उसके ठिकाने की सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को नकद इनाम देने की घोषणा की है।
यह घोषणा सोमवार को एसपी सिद्धांत जैन के आदेश पर थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी सौरभ आनंद के खिलाफ अपनी पत्नी सोनिया की हत्या के आरोप में थाना सिविल लाइन में धारा 103(1) और 3(5) BNS के तहत केस दर्ज है।
वारदात के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा है। पुलिस की जांच और तकनीकी इनपुट के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि सौरभ फिलहाल दिल्ली या हरिद्वार क्षेत्र में छिपा हो सकता है।
हिसार पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से जुड़ी कोई भी जानकारी थाना सिविल लाइन प्रभारी के मोबाइल नंबर 8814011307 या जिला पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 01662-237150 पर दी जा सकती है।
पुलिस ने साफ कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 50 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
उधर, सोनिया मर्डर केस में आरोपी की गिरफ्तारी न होने को लेकर हिसार में व्यापारियों का गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है। सोमवार को ऑटो मार्केट में व्यापारियों की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष और पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने की।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और पूरे ऑटो मार्केट में काले बैनर लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
बजरंग गर्ग ने कहा कि घटना को करीब 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उन्होंने इसे पुलिस प्रशासन और सरकार की विफलता बताया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो हिसार के अन्य बाजारों में भी इसी तरह विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
इस प्रदर्शन में पूर्व मेयर गौतम सरदाना, रमेश वत्स, कुल प्रकाश गोयल, पंकज दीवान, विशंभर कथूरिया, हंसराज नारंग, बलदेव ग्रोवर, सचिन राजपाल, सुरेश राजगढ़िया और टीनू आहूजा समेत कई व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Akhil Mahajan