देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन सोनीपत पहुंची,फूलों की वर्षा से भव्य स्वागत
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद से चलकर सोनीपत रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां शंखध्वनि और फूलों की वर्षा के साथ इसका भव्य स्वागत किया गया। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इसे विकसित भारत की दिशा में बड़ा कदम बताया।
जींद से सोनीपत पहुंची देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन
■ शंखध्वनि और फूलों की वर्षा से हुआ भव्य स्वागत
■ मंत्री कृष्ण लाल पंवार बोले- विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम
सोनीपत। हरियाणा के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद से चलकर सोनीपत रेलवे स्टेशन पहुंची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अत्याधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सोनीपत पहुंचने पर ट्रेन का शंखध्वनि, फूलों की वर्षा और जोरदार स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने इस उपलब्धि को विकसित भारत की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।
स्टेशन परिसर में उत्सव जैसा माहौल
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के सोनीपत पहुंचते ही रेलवे स्टेशन उत्सव के माहौल में बदल गया। बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। शंखध्वनि और फूलों की बारिश के बीच लोगों ने ट्रेन का स्वागत किया।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि अब तक दुनिया के केवल चार देशों में हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन हो रहा था और अब भारत भी इस सूची में शामिल होकर पांचवां देश बन गया है।
उन्होंने बताया कि जींद से सोनीपत तक चलने वाली इस ट्रेन का किराया आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मात्र 5 रुपये से 25 रुपये तक रखा गया है।
ग्रामीण विकास को लेकर बड़ी घोषणा
इस मौके पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने ग्रामीण विकास को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ चर्चा के बाद निर्णय लिया गया है कि प्रदेश के 7 हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में ट्रैक्टर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके साथ ही प्रत्येक गांव में एक सफाई कर्मचारी की व्यवस्था की जाएगी और ग्राम पंचायतों को सफाई व्यवस्था के लिए 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
खेलों में भी नई ऊंचाइयां छू रहा हरियाणा
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा खेलों के क्षेत्र में भी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन न केवल हरियाणा बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है और यह आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संरक्षण तथा बेहतर सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
pooja