हरियाणा में भीषण सड़क हादसा, सरिया आर-पार होने से चालक की मौ*त
गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर कैब और लोडिंग ई-रिक्शा की टक्कर में दर्दनाक हादसा हुआ। लोहे का सरिया शरीर के आर-पार होने से कैब चालक की मौत हो गई, जबकि महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गई।
द्वारका एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा
■ सरिया आर-पार होने से कैब चालक की मौत
■ महिला यात्री गंभीर रूप से घायल
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कैब चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैब में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार कैब ने ओवरटेक लेन में चल रहे एक लोडिंग ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में रखा लोहे का सरिया कैब के आगे के हिस्से को चीरते हुए चालक के शरीर के आर-पार हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, कैब चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान नहीं
पुलिस के अनुसार मृतक चालक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
एक्सप्रेसवे पर लगा जाम
हादसे के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया।
pooja