इंडियाज गॉट लेटेंट 2 में आलिया-शरवरी की एंट्री, समय रैना ने किया ऐलान
समय रैना ने पुष्टि की है कि इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2 के पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ नजर आएंगी। शो नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर रिलीज होगा।
इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 के पहले एपिसोड में नजर आएंगी आलिया भट्ट और शरवरी वाघ
• समय रैना ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की आधिकारिक पुष्टि
• शो नेटफ्लिक्स और यूट्यूब दोनों प्लेटफॉर्म पर होगा रिलीज
कॉमेडियन समय रैना के चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। समय रैना ने खुद पुष्टि कर दी है कि शो के दूसरे सीजन के पहले एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ गेस्ट के तौर पर दिखाई देंगी।
दरअसल, करीब एक महीने पहले आलिया भट्ट और शरवरी की शो के सेट से एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों अभिनेत्रियां शो के नए सीजन का हिस्सा बन सकती हैं। अब समय रैना ने आधिकारिक तौर पर इन अटकलों पर मुहर लगा दी है।
समय रैना ने पोस्ट के जरिए किया ऐलान
समय रैना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ के पहले एपिसोड का यूट्यूब लिंक शेयर किया। वीडियो के थंबनेल में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की तस्वीरें भी दिखाई दीं।
तस्वीर में आलिया भट्ट ‘Alpha’ लिखी कैप पहने नजर आ रही हैं। वहीं उनके साथ शरवरी वाघ, समय रैना, कॉमेडियन आशीष सोलंकी और बलराज घई भी दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट शेयर करते हुए समय रैना ने दोनों अभिनेत्रियों को टैग करते हुए लिखा, “क्या हम शो शुरू करने के लिए तैयार हैं?”
फैंस ने बताया शानदार कमबैक
समय रैना की इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की जबरदस्त प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने इसे भारतीय डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री की सबसे बड़ी वापसी बताया।
एक यूजर ने लिखा कि शो बैन होने, पूरा सीजन हटाने और फिर नेटफ्लिक्स डील के साथ लौटना इंटरनेट कल्चर की बड़ी जीत है। वहीं दूसरे यूजर ने इसे भारतीय डिजिटल कंटेंट के इतिहास की सबसे शानदार वापसी करार दिया।
कुछ फैंस ने शो में होने वाले मजाक और रोस्टिंग को लेकर भी अपनी उत्सुकता जाहिर की। कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अब नेटफ्लिक्स का सेट भी हिलने वाला है और शो के साथ फिर से चर्चाएं तेज होने वाली हैं।
यूट्यूब और नेटफ्लिक्स पर होगा प्रसारण
समय रैना का शो शनिवार शाम को नेटफ्लिक्स और यूट्यूब दोनों प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा। नेटफ्लिक्स पर दर्शकों को विज्ञापन मुक्त अनुभव मिलेगा, जबकि यूट्यूब पर शो के दौरान विज्ञापन दिखाई देंगे।
गौरतलब है कि शो का पहला सीजन काफी विवादों में रहा था। एक एपिसोड में गेस्ट रणवीर अल्लाहबादिया की टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इसके बाद कई शिकायतें और कानूनी मामले दर्ज हुए थे। विवाद बढ़ने के बाद समय रैना को यूट्यूब से शो के सभी एपिसोड हटाने पड़े थे।
अब दूसरे सीजन की वापसी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
pooja