पानीपत में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर नर्सों के समर्पण को किया सलाम,नर्स दिवस पर प्रेम इंस्टीट्यूट में सम्मान समारोह
अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर प्रेम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, पानीपत में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। नर्सिंग छात्रों ने सेवा और समर्पण की शपथ ली तथा मॉडल प्रदर्शनी और करियर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर प्रेम इंस्टीट्यूट में भव्य कार्यक्रम आयोजित
➤ नर्सिंग छात्रों ने सेवा, करुणा और समर्पण की ली शपथ
➤ मॉडल प्रदर्शनी और करियर जागरूकता कार्यक्रम रहे आकर्षण का केंद्र
आज दिनांक 12 मई 2026 को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर जीटी रोड बरौली स्थित प्रेम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, वेद नर्सिंग कॉलेज एवं वेद नर्सिंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आधुनिक नर्सिंग की जननी फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिवस के उपलक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में नर्सिंग क्षेत्र के महत्व, योगदान और सेवा भावना को सम्मान दिया गया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की थीम “हमारी नर्सेस, हमारा भविष्य – नर्सिंग की आर्थिक शक्ति क्योंकि सशक्त नर्सेस जीवन बचाती हैं” पर आधारित कार्यक्रम में नर्सिंग समुदाय की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, डॉक्टर प्रेम कैंसर हॉस्पिटल एवं डॉक्टर प्रेम सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के अध्यक्ष डॉ. पंकज मुटनेजा और उपाध्यक्ष डॉ. रचना मुटनेजा द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस दौरान वेद नर्सिंग कॉलेज एवं वेद नर्सिंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट के नर्सिंग स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के आदर्शों पर चलने की शपथ लेते हुए सेवा, करुणा और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्या निधि शर्मा ने कहा कि नर्सेस स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ की हड्डी हैं। कोविड महामारी के दौरान नर्सिंग समुदाय ने जिस तरह अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की सेवा की, वह समाज के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस नर्सों के त्याग, समर्पण और सेवा भावना को सम्मान देने का अवसर है।
इस मौके पर कैमला गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और काबरी गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं को भी आमंत्रित किया गया। विद्यार्थियों को नर्सिंग और फिजियोथेरेपी में करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें लाफ्टर थेरेपी और हाइजीन केयर के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नर्सिंग छात्रों द्वारा आयोजित मॉडल प्रतियोगिता एवं मॉडल प्रदर्शनी रही। प्रदर्शनी में करीब 90 मॉडल लगाए गए, जो स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर आधारित थे। उत्कृष्ट मॉडल तैयार करने वाले छात्रों को मुख्य अतिथि मिस नवकिरण, जो एक प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय नर्स एवं नवकिरण नर्सिंग क्लासेज की फाउंडर हैं, द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रेम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज बडौली, पानीपत के सीईओ एवं निदेशक रिटायर्ड ब्रिगेडियर जे.आर. सेठी, प्रशासनिक अधिकारी जोगिंदर सिंह, निदेशक नर्सिंग कॉलेज पॉल दिनाकरन, एन.एन. पांडेय सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
Akhil Mahajan