FIFA World Cup 2026 खेलेगा ईरान, लेकिन रखीं 10 शर्तें; मेजबान देशों की बढ़ी चुनौती
ईरान ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप में खेलने की पुष्टि की है, लेकिन अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के सामने वीजा, सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान समेत 10 शर्तें रखी हैं।
ईरान ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप में खेलने की पुष्टि कर दी
मेजबान देशों अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के सामने रखीं 10 शर्तें
वीजा, सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान जैसे मुद्दों पर सख्त रुख
ईरान फुटबॉल महासंघ ने आखिरकार साफ कर दिया है कि राष्ट्रीय टीम 2026 फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी। पिछले कुछ हफ्तों से टीम की भागीदारी को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब महासंघ की आधिकारिक पुष्टि के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। हालांकि, इसके साथ ही ईरान ने मेजबान देशों अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के सामने 10 अहम शर्तें रख दी हैं, जिससे आयोजनकर्ताओं की चुनौती बढ़ गई है।
दरअसल, 2026 फीफा वर्ल्ड कप 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में खेला जाएगा। ईरान ने क्वालिफिकेशन राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे टूर्नामेंट में अपनी जगह बनाई थी। इसके बावजूद हाल के भू-राजनीतिक तनाव और यात्रा प्रतिबंधों को लेकर टीम की भागीदारी पर सवाल उठ रहे थे।
ईरान फुटबॉल महासंघ ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अधिकारियों को बिना किसी बाधा के वीजा सुविधा दी जाए। इसके अलावा टीम की आवाजाही के दौरान उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
महासंघ ने यह भी कहा है कि टूर्नामेंट के दौरान ईरान के राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का पूरा सम्मान किया जाए। किसी भी मैच या आधिकारिक कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रतीकों के साथ किसी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा ईरान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों से पूछे जाने वाले सवालों को सीमित रखने की मांग की है। महासंघ चाहता है कि खेल से इतर राजनीतिक या संवेदनशील मुद्दों पर सवाल न पूछे जाएं।
ईरान की इन शर्तों ने फीफा और मेजबान देशों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना होगा कि आयोजनकर्ता इन मांगों को किस तरह संतुलित करते हैं ताकि टूर्नामेंट की निष्पक्षता और गरिमा बरकरार रहे।
shubham