ईशान किशन जयपुर की मॉडल अदिति हुंडिया से करेंगे शादी, दादा बोले– ईशान की पसंद ही मेरी पसंद
ईशान किशन की शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उनके दादा ने जयपुर की मॉडल अदिति हुंडिया का नाम लेते हुए रिश्ते की पुष्टि की है। टी-20 वर्ल्ड कप के बाद शादी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक घोषणा बाकी है।
➤ ईशान किशन की शादी की चर्चा तेज, दादा ने अदिति हुंडिया का लिया नाम
➤ जयपुर की मॉडल संग रिश्ते पर परिवार की सहमति
➤ टी-20 वर्ल्ड कप के बाद शादी की अटकलें, आधिकारिक पुष्टि बाकी
भारत और पाकिस्तान के टी-20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के ओपनर और बिहार के रहने वाले ईशान किशन की निजी जिंदगी को लेकर बड़ी चर्चा सामने आई है। उनके दादा अनुराग पांडेय ने एक इंटरव्यू में जयपुर की मॉडल अदिति हुंडिया का नाम लेते हुए दोनों के रिश्ते पर मुहर लगा दी है। उन्होंने साफ कहा कि ईशान जिससे भी शादी करेंगे, परिवार को स्वीकार होगा और अदिति उनकी गर्लफ्रेंड हैं।
दादा अनुराग पांडेय ने कहा कि परिवार में इस रिश्ते को लेकर बातचीत हो चुकी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बड़े पोते ने जब अपनी पसंद से शादी करने की इच्छा जताई थी तो परिवार ने उसका साथ दिया था, अब ईशान की बारी है। उनका कहना था कि ईशान की पसंद ही उनकी पसंद है। इस बयान के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों को बल मिला है।
कौन हैं अदिति हुंडिया
जयपुर निवासी अदिति हुंडिया पेशे से मॉडल हैं और फैशन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना चुकी हैं। वह मिस डीवा 2018 की विनर रह चुकी हैं और फेमिना मिस इंडिया की फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं। नेशनल ब्यूटी क्वीन कॉन्टेस्ट तक पहुंचने के बाद उन्हें मॉडलिंग जगत में खास पहचान मिली। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है।
2019 के आईपीएल सीजन के दौरान ईशान किशन और अदिति हुंडिया के बीच रिश्ते की चर्चा शुरू हुई थी। स्टैंड में अदिति की मौजूदगी को ‘मिस्ट्री फैनगर्ल’ कहा गया था। इंस्टाग्राम पर लाइक और कमेंट्स ने भी इन चर्चाओं को हवा दी। अब दादा के बयान के बाद इन चर्चाओं को पारिवारिक स्वीकृति मिलती दिखाई दे रही है।
गांव पहुंचे दादा ने खोला राज
शनिवार शाम ईशान के दादा अनुराग पांडेय औरंगाबाद स्थित अपने गांव पहुंचे थे। यहां ग्रामीणों और मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अदिति का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अदिति ने उनका एक इंटरव्यू देखा था और उनकी तारीफ भी की थी। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अदिति ने कहा था कि बाबा आज भी बहुत सुंदर लगते हैं।
हालांकि शादी की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक, टी-20 वर्ल्ड कप के बाद दोनों शादी के बंधन में बंध सकते हैं, लेकिन परिवार की ओर से फिलहाल औपचारिक पुष्टि का इंतजार है।
दो साल बाद टी-20 वर्ल्ड कप में वापसी
ईशान किशन पिछले डेढ़ साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। इस दौरान उनका केंद्रीय कॉन्ट्रैक्ट भी प्रभावित हुआ और चयन से बाहर होना पड़ा। लेकिन हालिया प्रदर्शन के दम पर उन्होंने शानदार वापसी की है। उनका बल्ला लगातार रन उगल रहा है और टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम में चयन ने उनके करियर को नई दिशा दी है।
क्रिकेटर बनने की कहानी
पटना के बेली रोड स्थित आशियाना में पले-बढ़े ईशान ने महज 7 साल की उम्र में बल्ला थाम लिया था। क्रिकेट के प्रति उनका जुनून इतना था कि स्कूल में पढ़ाई प्रभावित होने लगी। शिक्षकों ने पढ़ाई और खेल में से एक चुनने को कहा तो उन्होंने खेल को प्राथमिकता दी। बाद में उन्होंने अन्य स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पूरी की।
ईशान का टैलेंट झारखंड की ओर से रणजी खेलते हुए निखरा। पूर्व भारतीय कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में उन्हें अंडर-19 टीम की कप्तानी मिली। इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है। दोस्त उन्हें ‘डेफिनेट’ नाम से बुलाते हैं, क्योंकि जो ठान लेते हैं, उसे पूरा कर के दिखाते हैं।
अब देखना होगा कि मैदान पर शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन निजी जिंदगी में कब नई पारी की शुरुआत करते हैं।
Akhil Mahajan