हरियाणा में डॉक्टर की हत्या की कोशिश, बोलेरो से टक्कर मारकर रॉड से हमला
कैथल में पशु चिकित्सक पर बोलेरो से टक्कर मारकर और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना CCTV में कैद हुई है और पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ कैथल में पशु चिकित्सक की हत्या का प्रयास, बोलेरो से मारी टक्कर
■ सड़क पर गिरने के बाद आरोपी ने लोहे की रॉड से सिर पर किया हमला
■ CCTV फुटेज आया सामने, रंजिश के चलते रची गई साजिश
हरियाणा के कैथल जिले में एक पशु चिकित्सक की हत्या का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव कांगथली में पाबसर रोड पर आरोपी ने पहले डॉक्टर को बोलेरो गाड़ी से टक्कर मारकर कुचलने की कोशिश की और फिर सड़क पर गिरे डॉक्टर के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसने इस वारदात की गंभीरता को उजागर कर दिया है।पीड़ित हरपाल सिंह, जो गांव हिम्मतपुरा के रहने वाले हैं और निजी तौर पर पशुओं का इलाज करते हैं, ने बताया कि 20 मार्च की शाम करीब साढ़े चार बजे वह दवाई देने के बाद कांगथली स्थित मेडिकल स्टोर पर दवा लेने पहुंचे थे।
उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की और इसी दौरान उन्हें एक फोन आया, जिसमें उनसे मिलने की बात कही गई।हरपाल सिंह जब सड़क पार कर रहे थे, तभी उनके ही गांव का आरोपी गैहल सिंह अपनी बोलेरो गाड़ी को तेज रफ्तार से लाते हुए आया और सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डॉक्टर कई फुट दूर जा गिरे। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और गाड़ी से उतरकर लोहे की रॉड निकालकर उनके सिर पर वार कर दिया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव किया और बड़ी मुश्किल से पीड़ित को आरोपी के चंगुल से छुड़वाया। लोगों को इकट्ठा होता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गया है।पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश है। आरोप है कि इस साजिश में गैहल सिंह के साथ उसका भतीजा अजविंद्र और साहब सिंह भी शामिल थे। पहले भी इनके बीच विवाद हो चुका है और मुकदमे दर्ज हैं, जिसके चलते यह हमला योजनाबद्ध तरीके से किया गया।मामले में सीवन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी पारस कुमार के अनुसार पुलिस जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
shubham