कैथल में 12वीं के छात्र पर चाकुओं से हमला, स्कूल से लौटते समय छात्र को घेरा, कई वार किए
कैथल के शेरगढ़ गांव में 12वीं के छात्र पर 5–6 अज्ञात बदमाशों ने चाकुओं से हमला किया। गंभीर हालत में छात्र को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।
- कैथल में 12वीं के छात्र पर चाकुओं से हमला, हालत गंभीर
- कमर सहित कई जगह चाकू लगे, पीजीआई चंडीगढ़ रेफर
- स्कूल से 200 मीटर दूर वारदात, 5–6 अज्ञात हमलावर फरार
कैथल जिले के शेरगढ़ गांव में स्कूल से घर लौट रहे 12वीं कक्षा के छात्र पर पांच से छह अज्ञात युवकों ने रास्ता रोककर चाकुओं से हमला कर दिया। आरोपियों ने छात्र की कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए।
हमले के दौरान जैसे ही छात्र ने शोर मचाया, आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे। लोगों को आता देख आरोपी छात्र को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल छात्र को अस्पताल भिजवाया। छात्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
घायल छात्र की पहचान अंकित के रूप में हुई है, जो प्योदा रोड, गली नंबर 13 का रहने वाला है। वह शेरगढ़ के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। बताया गया कि छात्र जैसे ही स्कूल से करीब 200 मीटर आगे बढ़ा, बाइक सवार हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों में से कोई भी स्कूल का छात्र नहीं था। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल के पास स्कूल और पॉलिटेक्निक कॉलेज दोनों हैं। छुट्टी के समय यहां युवकों की काफी भीड़ रहती है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
तितरम थाना के एसएचओ रामबीर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया है और उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author1